Raghav Juyal Dating Rumours With Shehnaaz Gill: एक्टर और डांसर राघव जुयाल 10 जुलाई को अपना 35वां जन्मदिन मना रहे हैं. बर्थडे से एक दिन पहले उन्होंने मुंबई में अपने दोस्तों और इंडस्ट्री के करीबी लोगों के लिए एक शानदार पार्टी रखी. इस पार्टी में कई बड़े सितारे पहुंचे, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा शहनाज गिल और राघव जुयाल की रही. दोनों के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनके बाद एक बार फिर उनके डेटिंग रूमर्स चर्चा में आ गए हैं.
एक-दूसरे का हाथ थामे दिखे राघव-शहनाज
पार्टी से सामने आए एक वीडियो में राघव और शहनाज एक-दूसरे का हाथ थामे नजर आ रहे हैं. दोनों की बॉन्डिंग ने फैंस का ध्यान खींच लिया है. सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को शेयर करते हुए तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं. हालांकि, अब तक राघव और शहनाज ने अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.
दोनों का प्यारा मोमेंट फैंस को आ रहा पसंद
एक और वीडियो भी इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है. इसमें राघव पहले से कार के अंदर बैठे दिखाई देते हैं. जब शहनाज कार में बैठने पहुंचती हैं, तो जगह कम होने की वजह से राघव उन्हें बेहद केयरिंग अंदाज में अपनी गोद में उठाकर दूसरी तरफ बैठा देते हैं. दोनों का यह प्यारा मोमेंट फैंस को काफी पसंद आ रहा है और वीडियो पर जमकर रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं.
इस फिल्म में दोनों ने किया साथ काम
बता दें कि राघव जुयाल और शहनाज गिल ने सलमान खान की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' में साथ काम किया था. इसी फिल्म के दौरान दोनों की दोस्ती हुई और तभी से इनके रिलेशनशिप की अफवाहें भी सामने आती रही हैं. हालांकि, दोनों हमेशा एक-दूसरे को अपना अच्छा दोस्त और सपोर्ट सिस्टम बताते आए हैं.
डैशिंग अंदाज में दिखे शाहरुख खान के लाडले आर्यन
राघव की बर्थडे पार्टी में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान भी पहुंचे. उनका डैशिंग अंदाज सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है. वायरल वीडियो में आर्यन, राघव और शहनाज के साथ पार्टी से बाहर निकलते नजर आए. हालांकि, उन्होंने पैपराजी से बातचीत नहीं की और सीधे अपनी कार में बैठ गए.
इन सितारों ने की शिरकत
इस बर्थडे बैश में कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा, 'शार्क टैंक इंडिया' फेम अमन गुप्ता, रवि दुबे, सरगुन मेहता, रैपर बादशाह, रणवीर अल्लाहबादिया, समय रैना और जन्नत जुबैर समेत कई चर्चित सितारों ने भी शिरकत की. पार्टी की तस्वीरें और वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.
वर्क फ्रंट पर राघव जुयाल
वर्क फ्रंट की बात करें तो राघव जुयाल जल्द ही कॉमेडी फिल्म 'भाई तेरा स्टार है' में नजर आएंगे. इस फिल्म में संजय कपूर, चंदन रॉय सान्याल, निहारिका एन, निकी अनेजा वालिया और विकल्प मेहता भी अहम भूमिकाओं में हैं. विवेक बी. अग्रवाल के निर्देशन में बनी यह फिल्म 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.