Priyadarshan On Hera Pheri 3: बॉलीवुड की कल्ट कॉमेडी फिल्म 'हेरा फेरी 3' (Hera Pheri 3) का इंतजार कर रहे फैंस के लिए एक बहुत ही बुरी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. ऑरिजिनल मास्टरपीस को डायरेक्ट करने वाले दिग्गज डायरेक्टर प्रियदर्शन (Priyadarshan) ने साफ कह दिया है कि उन्हें नहीं लगता कि यह फिल्म कभी बन पाएगी. इसके साथ ही डायरेक्टर ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने 'भागम भाग 2' (Bhagam Bhag 2) जैसे सुपरहिट प्रोजेक्ट्स को डायरेक्ट करने से क्यों साफ इनकार कर दिया था…

'हेरा फेरी 3' को लेकर बड़ा बयान

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, जब प्रियदर्शन से पूछा गया कि क्या 'हेरा फेरी 3' कभी बनेगी, तो उन्होंने दो टूक जवाब देते हुए कहा, “मुझे नहीं लगता है कि वो कभी भी बनेगी.” उनके इस बयान ने फैंस का दिल तोड़ दिया है.

क्यों सीक्वल बनाना पसंद नहीं करते प्रियदर्शन?

अपने इंटरव्यू में डायरेक्टर ने साफ किया कि वे सीक्वल के सख्त खिलाफ हैं जब तक कि वह पार्ट 1 से बेहतरीन न हो. उन्होंने 'टर्मिनेटर' का उदाहरण देते हुए कहा कि सीक्वल तभी बनना चाहिए जब कहानी पहले से दमदार हो, वरना यह सिर्फ पुरानी फिल्म की वैल्यू को कैश करने का जरिया बनकर रह जाता है.

'प्रोजेक्ट्स नहीं, फिल्में बनाना पसंद है'

प्रियदर्शन ने आगे कहा, “लोग फिल्म नहीं बना रहे होते, प्रोजेक्ट बना रहे होते हैं और मुझे प्रोजेक्ट्स में कोई दिलचस्पी नहीं है.” उन्होंने खुलासा किया कि अक्षय कुमार ने उनसे 'भागम भाग' के सीक्वल के लिए पूछा था, लेकिन उन्होंने साफ मना कर दिया.

'भागम भाग 2' की स्टारकास्ट और अपडेट

इसी साल अनाउंस हुई 'भागम भाग 2' में अक्षय कुमार और परेश रावल तो लौट रहे हैं, लेकिन गोविंदा की जगह मनोज बाजपेयी नजर आएंगे. अक्षय के अपोजिट मीनाक्षी चौधरी होंगी, जबकि इस बार फिल्म का डायरेक्शन प्रियदर्शन की जगह राज शांडिल्य कर रहे हैं.

साल 2006 की कल्ट कॉमेडी 'भागम भाग'

साल 2006 में आई ऑरिजिनल 'भागम भाग' में अक्षय, गोविंदा, परेश रावल और लारा दत्ता जैसे धुरंधर नजर आए थे. 32 करोड़ के बजट वाली इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 56.63 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया था और आज भी यह लोगों की ऑल-टाइम फेवरेट कॉमेडी है.