Preity Zinta Batwara 1947: बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा इन दिनों अपनी फिल्म 'बटवारा 1947' को लेकर चर्चा में हैं. सनी देओल, शबाना आजमी और अली फजल जैसे सितारों से सजी यह फिल्म आज यानी 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. फिल्म की रिलीज से ठीक पहले प्रीति जिंटा ने सोशल मीडिया पर एक ऐसी तस्वीर शेयर की थी, जिसने उन्हें फिल्म के शुरुआती दिनों की याद दिला दी. यह तस्वीर उनके किरदार हमीदा के लुक टेस्ट की है.

'वहीं वापस जाना चाहती थी, जहां से सब शुरू हुआ'

प्रीति जिंटा ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर की है. यह फोटो उस वक्त की है, जब उन्होंने पहली बार 'बटवारा 1947' में अपने किरदार हमीदा का लुक टेस्ट दिया था. तस्वीर में प्रीति बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रही हैं और उनका लुक फिल्म की कहानी के दौर को बखूबी महसूस कराता है.

---विज्ञापन---

एक्ट्रेस ने शेयर किया इमोशनल नोट

इस फोटो के साथ एक्ट्रेस ने बेहद इमोशनल नोट भी लिखा. उन्होंने बताया कि फिल्म के सिनेमाघरों में पहुंचने से पहले वह उस जगह लौटना चाहती थीं, जहां से हमीदा का सफर उनके लिए शुरू हुआ था. उनके मुताबिक, यह वही तस्वीर है. जिसमें उन्होंने पहली बार हमीदा को देखा और उसके किरदार को महसूस किया.

रूमी की बातों में दिखी हमीदा की कहानी

प्रीति ने अपने किरदार के जज्बात को समझाने के लिए मशहूर सूफी कवि रूमी की एक लाइन का सहारा लिया. उन्होंने लिखा कि अगर आसपास सब कुछ अंधेरा दिखाई दे, तो दोबारा देखना चाहिए, क्योंकि हो सकता है कि रोशनी खुद आपके भीतर हो.

---विज्ञापन---

हमीदा का किरदार

प्रीति के इस पोस्ट से साफ है कि हमीदा का किरदार उनके लिए सिर्फ फिल्म का एक रोल नहीं, बल्कि एक भावनात्मक सफर रहा है. उन्होंने जिस तरह लुक टेस्ट की पुरानी तस्वीर को फिल्म की रिलीज से जोड़ा, उससे फैंस को भी उनके किरदार के पीछे की मेहनत और जुड़ाव की झलक मिली.

'बटवारा 1947' में दिखेगा बटवारे का दौर

फिल्म 'बटवारा 1947' भारत के विभाजन के दौर की कहानी को पर्दे पर पेश करती है. फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी और अली फजल जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं. कहानी उस दौर की उथल-पुथल, रिश्तों और इंसानी जज्बातों के बीच घूमती है.

---विज्ञापन---

प्रीति जिंटा की पोस्ट ने बढ़ाई उत्सुक्ता

प्रीति जिंटा की इस पोस्ट ने फिल्म की रिलीज से पहले ही उनके किरदार को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी थी. अब फिल्म सिनेमाघरों में पहुंच चुकी है और देखना होगा कि हमीदा के रूप में प्रीति की वापसी दर्शकों के दिल में कितनी जगह बना पाती है.