पाकिस्तानी सीरियल 'जो बचे हैं संग समेट लो' इन दिनों भारत में चर्चा का विषय बना हुआ है. सीरीज के भारत में रिलीज होने को लेकर विवाद के बीच अब एक्ट्रेस पूनम पांडे ने भी अपना रिएक्शन दिया है. उन्होंने पाकिस्तानी कलाकारों के रवैये पर सवाल उठाते हुए हानिया आमिर पर निशाना साधा है. पूनम ने कहा कि जब युद्ध होता है, तब भारत के खिलाफ बयान दिए जाते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर कलाकारों को यहां का प्यार याद आने लगता है.

हानिया आमिर पर पूनम पांडे का तंज

पूनम पांडे ने IANS से बातचीत में बेबाकी से 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर चल रहे विवाद पर कहा कि कई कलाकार कला और कलाकारों के बीच भेदभाव न करने की बात करते हैं. उनका मानना है कि कलाकारों को प्यार से साथ चलना चाहिए, लेकिन इसके साथ अपने बयानों की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए.

युद्ध के समय क्यों उगली आग?

पूनम ने बातचीत के दौरान कहा कि लोग बोलते हैं हम कला हैं, कलाकार हैं और कलाकारों के बीच भेदभाव नहीं होना चाहिए. बड़े प्यार से सबको एक साथ चलना चाहिए. हनिया आमिर का नाम लेते हुए कहा कि दिलचस्प कलाकार हैं. उन्होंने ऐसे कई पाकिस्तानी कलाकारों का जिक्र किया, जिन्होंने युद्ध के समय भारत के बारे में सार्वजनिक रूप से गलत बातें कही थीं.

पूनम पांडे ने उठाया सवाल

एक्ट्रेस ने सवाल किया कि जब भारत के खिलाफ इतनी बातें कही जाती हैं, तो जरूरत पड़ने पर मोहब्बत की बात क्यों होने लगती है? उन्होंने कलाकारों से अपने पुराने बयानों पर कायम रहने की बात भी कही.

'आपको इस देश की जरूरत क्यों पड़ रही है?'

पूनम ने आगे कहा कि अगर पाकिस्तानी कलाकारों को भारत से इतनी नफरत है, तो फिर भारतीय प्लेटफॉर्म और दर्शकों की जरूरत क्यों पड़ रही है. उन्होंने नेटफ्लिक्स का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तानी कलाकारों को अपने देश में ही अपना कंटेंट चलाना चाहिए.

क्या है 'जो बचे हैं संग समेट लो'?

फरहत इश्तियाक के चर्चित उर्दू उपन्यास पर आधारित इस सीरीज में तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियां दिखाई गई हैं. इसमें अहद रजा मीर, हानिया आमिर, सनम सईद और इकरा अजीज जैसे कलाकार नजर आएंगे.

मंत्रालय ने अपनाया कड़ा रुख

सीरीज का ट्रेलर 24 नवंबर को रिलीज किया गया था. इसके साथ ही छह गानों वाला ओरिजिनल साउंडट्रैक भी सामने आया. यह सीरीज 4 दिसंबर को दुनियाभर में रिलीज होने वाली है. हालांकि, भारत में इसके प्रसारण को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है. गुरुवार को मंत्रालय ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए नेटफ्लिक्स को साफ कहा कि यह सुनिश्चित करें की पाकिस्तान का कंटेंट भारत में न दिखाया जाए.