Paresh Rawal on Son Aditya and Aniruddh Bollywood Entery: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर परेश रावल ने अपने सालों के एक्टिंग करियर में फिल्म इंडस्ट्री को कई यादगार फिल्में और किरदार दिए हैं. इस मामले में उनकी पत्नी एक्ट्रेस स्वरूप संपत भी पीछे नहीं हैं. हाल ही में परेश रावल ने अपने बेटों आदित्य रावल और अनिरुद्ध रावल के फिल्मी के करियर के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि उनके बेटे आदित्य और अनिरुद्ध एक्टिंग और फिल्मों की दुनिया में अपना-अपना रास्ता बना रहे हैं. इस दौरान उन्होंने ये भी बताया कि उनके बेटों को स्टारकिड होने के नाते बॉलीवुड में किसी तरह का स्पेशल ट्रीटमेंट नहीं मिला है. इसके साथ ही उन्होंने अपने बच्चों के बारे में कई और बातें शेयर कीं.
परेश रावल के घर पर होती हैं ऐसी बातें
वैरायटी इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में जब परेश रावल से पूछा गया उनके घर के डिनर टेबल पर एक्टिंग के अलावा भी कोई बाते होती हैं. इसके जवाब में परेश रावल ने कहा, 'हमारे घर की डिनर टेबल पर अक्सर एक्टिंग के अलावा दूसरे विषयों पर भी बातचीत होती है. हम लोग एक्टिंग से जुड़ी कई बातों पर चर्चा भी करते हैं. मैं उनके काम में इंटरेस्ट लेता हूं, लेकिन केवल उसी हद तक जितना वे चाहते हैं. लेकिन हां, हम एक-दूसरे के काम के बारे में बात करते हैं.'
कैसी रही परेश रावल के बेटों की बॉलीवुड एंट्री?
परेश रावल ने अपने बेटों के बारे में बात करते हुए कहा, 'मैं केवल तभी बात करता हूं जब वे मुझसे पूछते हैं. वे अच्छे बच्चे हैं, मेरी और मेरी पत्नी स्वरूप की बात सुनते हैं. अनिरुद्ध और आदित्य दोनों मेहनती हैं. वे शिक्षित हैं और एक अलग तरह की सोच रखते हैं.' उन्होंने आगे कहा, 'मेरे बड़े बेटे अनिरुद्ध रावल ने होटल मैनेजमेंट में अपना कोर्स पूरा कर लिया था. फिर, उन्होंने एक्टर बनने की इच्छा जाहिर की, इसलिए मैंने उसे नसीर भाई (नसीरुद्दीन शाह) के ड्रामा ग्रुप में शामिल होने के लिए कहा. बाद में, उन्होंने फिल्म 'सुल्तान' और 'टाइगर जिंदा है' जैसी फिल्मों में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया. इसके बाद, उन्होंने ऑडिशन देना शुरू किया. मैंने उनसे कहा कि वो मेरे प्रोफेशन में शामिल हो जाएं, लेकिन मुझसे किसी भी तरह की मदद की उम्मीद न करें. 'धक्के खाना, गालियां सुनना, सब सहना होगा.'
कोई स्पेशल ट्रीटमेंट नहीं…
परेश रावल ने कहा, 'मेरा मानना है कि ऐसा होना चाहिए कि किसी को भी कोई स्पेशल ट्रीटमेंट या प्रिवलेज नहीं मिलना चाहिए. हमारी पारिवारिक परंपरा है. 'अपना काम करो और दिखावा मत करो' स्वरूप और मैंने ये तय किया है कि हमारे बेटों की परवरिश अच्छे वेल्यू के साथ हो. वो अपने काम के प्रति पूरी तरह समर्पित रहे. कभी-कभी, मुझे उन्हें अच्छे कपड़े पहनने और बाहर जाने के लिए मजबूर करना पड़ता है.'
परेश रावल के बेटे
परेश रावल के बेटे आदित्य ने साल 2020 में फिल्म 'बमफाड़' से एक्टिंग करियर की शुरुआत की. इसके बाद उन्होंने फिल्म 'फराज' और वेब सीरीज 'सूबेदार' में काम किया. वहीं, अनिरुद्ध ने हाल ही में हिट फिल्म 'आवारापन 2' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की है.