Pankaj Tripathi Reaches Patna: बॉलीवुड के मोस्ट फेवरेट एक्टर पंकज त्रिपाठी अपने घरेलू मामलों को लेकर बिजी चल रहे हैं. हाल ही में खबर आई थी कि पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई विजयेंद्रनाथ त्रिपाठी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गए. सोशल मीडिया से लेकर खबरों तक इस मामले ने सनसनी मचा दी. इस वारदात के बाद विजयेंद्रनाथ को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है. वहीं, अब खबर आ रही है कि इस घटना के बाद एक्टर पंकज त्रिपाठी भी पटना पहुंच गए हैं. इसके अलावा, उनके भाई की हालत को लेकर भी एक अपडेट सामने आया है.

पंकज त्रिपाठी पहुंचे पटना

पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई विजयेंद्रनाथ त्रिपाठी के साथ ये वारदात बिहार के गोपालगंज जिले में हुई. एचटी सिटी की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना के बाद पंकज त्रिपाठी अपने भाई के पास रहने के लिए पटना पहुंच चुके हैं. एचटी सिटी ने एक सूत्र के हवाले से बताया, 'पंकज अपने भाई से मिलने पटना पहुंच गए हैं. मौजूदा हालात को देखते हुए उनकी बोलने की हालत ठीक नहीं है.' एक्टर विजयेंद्रनाथ की हालत के बारे में बात करते हुए सूत्र ने आगे कहा, 'उन्हें (विजयेंद्रनाथ) कई चोटें आई हैं. लेकिन उनकी हालत अभी स्टेबल है, फिलहाल कोई जानलेवा या खतरे की बात नहीं है.'

---विज्ञापन---

मामले की जांच कर रही है पुलिस

वहीं, इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 'यह हमला रविवार को उनके पैतृक गांव बेलसंद तिवारी टोला में एक जमीन विवाद के चलते हुआ था. हमले के बाद विजयेंद्रनाथ को तुरंत उसी रात गोपालगंज मॉडल अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया था, जिसके बाद आगे के इलाज के लिए उन्हें पटना के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया. गोपालगंज के पुलिस सब इंस्पेक्टर विनय तिवारी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. उन्होंने आगे बताया कि अभी तक पीड़ित परिवार की तरफ से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.