Awarapan 2: इमरान हाशमी की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'आवारापन' के सीक्वल 'आवारापन 2' (Awarapan 2) के रिलीज होते ही पाकिस्तानी सिंगर मुस्तफा जाहिद की खुशी का ठिकाना नहीं है. साल 2007 में आई पहली फिल्म के सुपरहिट गानों 'तो फिर आओ' और 'तेरा मेरा रिश्ता' से भारत में घर-घर पहचान बनाने वाले मुस्तफा जाहिद ने हाल ही में थिएटर में जाकर यह फिल्म देखी. फिल्म की शुरुआत में अपनी आवाज और पुरानी यादों को बड़े पर्दे पर देखकर वे बेहद भावुक हो गए. आइए जानते हैं मुस्तफा जाहिद के इस इमोशनल रिएक्शन के बारे में…

थिएटर में बैठकर हुए भावुक

पाकिस्तानी सिंगर मुस्तफा जाहिद ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो और तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वे थिएटर में 'आवारापन 2' का पोस्टर देखकर मुस्कुराते नजर आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि फिल्म के शुरुआती एक मिनट में जब बड़े पर्दे पर इमरान हाशमी और श्रिया सरन के सीन्स के साथ उनकी आवाज गुंजायमान हुई, तो वे खुद पर काबू नहीं रख पाए और इमोशनल हो गए.

---विज्ञापन---

19 साल का सफर आया याद

मुस्तफा जाहिद ने लिखा कि लगभग दो दशक पहले 'आवारापन' के गानों ने उन्हें दुनिया भर के लाखों लोगों के दिलों में खास जगह दिलाई थी. पिछले 19 सालों से वे इन गानों को हर कॉन्सर्ट, शहर और स्टेज पर गाते आ रहे हैं. थिएटर में फिल्म देखते वक्त ऐसा लगा मानो वक्त वहीं ठहर गया हो और पूरा अतीत आंखों के सामने आ गया हो.

नए सिंगर्स को मौका देने पर बोले

भले ही राजनीतिक तनाव की वजह से मुस्तफा इस सीक्वल में नए गाने नहीं गा सके, लेकिन उन्होंने साफ किया कि सीक्वल के लिए नए गायकों को मौका मिलने से उन्हें कोई एतराज नहीं था. उन्होंने हमेशा आने वाली पीढ़ी का रास्ता साफ करने में यकीन रखा है. वे बस अपनी विरासत और गानों के योगदान का सही श्रेय और सम्मान चाहते थे.

---विज्ञापन---

फिल्म की शुरुआत में मिली आवाज को जगह

सिंगर ने खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि 'आवारापन 2' की शुरुआत उनकी ही आवाज के साथ की गई, जिसे सुनते ही थिएटर में मौजूद भीड़ ने जमकर तालियां और सीटियां बजाईं. मुस्तफा ने कहा कि उस खास पल में उन्हें वह सब कुछ मिल गया जो वे चाहते थे, यानी दर्शकों का बेशुमार प्यार और अपनी कला का सम्मान.

'आवारापन 3' में साथ काम करने की उम्मीद

अपनी पोस्ट के आखिर में मुस्तफा जाहिद ने एक्टर इमरान हाशमी, दिशा पाटनी, विशेष भट्ट और पूरी 'विशेष फिल्म्स' (Vishesh Films) की टीम को सीक्वल के लिए बधाई दी. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले सालों में हालात बेहतर होंगे और शायद 'आवारापन 3.0' के लिए वे फिर से एक साथ काम करते नजर आएंगे.

---विज्ञापन---