Padma Awards 2026: भारतीय सिनेमा, संगीत और थिएटर में असाधारण योगदान देने वाले कलाकारों को इस साल राष्ट्रपति भवन में सम्मानित किया जा रहा है. 1954 से शुरू हुए इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों की लिस्ट में इस बार हिंदी सिनेमा के सदाबहार अभिनेता स्वर्गीय धर्मेंद्र का नाम सबसे आगे है. उनके अलावा साउथ के महानायक ममूटी, सुरों की मल्लिका अलका याग्निक, अभिनेता आर. माधवन और दिवंगत कॉमेडी किंग सतीश शाह जैसी बड़ी हस्तियों को उनके शानदार करियर और कला के प्रति समर्पण के लिए अलग-अलग पद्म श्रेणियों में यह गौरवपूर्ण सम्मान दिया जाएगा.

धर्मेंद्र को मरणोपरांत 'पद्म विभूषण'

हिंदी सिनेमा के 'ही-मैन' और 'शोले', 'चुपके चुपके' जैसी कालजयी फिल्मों के स्टार स्वर्गीय धर्मेंद्र को मरणोपरांत देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान 'पद्म विभूषण' से नवाजा जाएगा. समारोह में उनकी पत्नी और दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी धर्मेंद्र की तरफ से इस ऐतिहासिक सम्मान को स्वीकार करेंगी.

---विज्ञापन---

ममूटी और अलका याग्निक को 'पद्म भूषण'

मलयालम सिनेमा के गॉडफादर कहे जाने वाले सुपरस्टार ममूटी को भारतीय सिनेमा में उनके अद्भुत योगदान के लिए 'पद्म भूषण' दिया जाएगा (इससे पहले 1998 में उन्हें पद्म श्री मिला था). वहीं, बॉलीवुड को सैकड़ों यादगार गाने देने वाली मशहूर पार्श्व गायिका अलका याग्निक को भी संगीत में उनके योगदान के लिए 'पद्म भूषण' से सम्मानित किया जाएगा.

आर. माधवन को मिलेगा 'पद्म श्री'

'रहना है तेरे दिल में' और '3 इडियट्स' जैसी फिल्मों से दर्शकों के पसंदीदा अभिनेता बने आर. माधवन (मैडी) को 'पद्म श्री' सम्मान के लिए चुना गया है. हाल ही में उनकी फिल्म 'रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट' के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड भी मिला था, जिसके बाद उनके करियर में यह एक और बड़ी उपलब्धि है.

---विज्ञापन---

दिवंगत सतीश शाह को मरणोपरांत सम्मान

अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को हंसाने वाले दिवंगत अभिनेता सतीश शाह को मरणोपरांत 'पद्म श्री' से सम्मानित किया जाएगा. सतीश शाह ने 'साराभाई वर्सेस साराभाई' जैसे कल्ट शोज़ और 'मैं हूं ना' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के जरिए दर्शकों के बीच अपनी अमिट छाप छोड़ी थी.

---विज्ञापन---

बंगाली सिनेमा के 'दादा' प्रोसेनजीत चटर्जी को पद्म श्री

बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में से एक प्रोसेनजीत चटर्जी को भी कला के क्षेत्र में 'पद्म श्री' से सम्मानित किया जाएगा. प्रोसेनजीत ने पिछले पांच दशकों के अपने शानदार फिल्मी सफर में 350 से भी ज्यादा फिल्मों में बेहतरीन काम किया है.

---विज्ञापन---