Actress Asin Raised Daughter Arin in Different Style: बॉलीवुड को 'गजनी', 'रेडी', 'हाउसफुल 2' और 'बोल बच्चन' जैसी एक से बढ़कर एक हिट फिल्में देने वाली एक्ट्रेस असिन थोट्टूमकल अब इंडस्ट्री से गायब हो गई हैं. इंडियन सिनेमा की सबसे मशहूर फीमेल एक्टर्स में से एक असिन ने माइक्रोमैक्स के को-फाउंडर राहुल शर्मा से शादी के बाद से ही फिल्मों से दूरी बना ली है. हालांकि, वह सोशल मीडिया पर पूरी तरह से एक्टिव रहती हैं और फैंस के साथ जुड़ी रहती हैं. कुछ समय पहले ही असिन ने अपनी बेटी अरिन शर्मा की तस्वीरें शेयर की थीं, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं. अब असिन के पति राहुल शर्मा ने बताया कि आखिर उनकी एक्ट्रेस पत्नी अपनी बेटी की परवरिश किस तरह से कर रही हैं.

असिन से शादी करना…

हाल ही में MyGov India को दिए इंटरव्यू में राहुल शर्मा ने अपनी पर्सनल लाइफ, पत्नी असिन और बेटी अरिन के बारे में खुलकर बात की. राहुल शर्मा ने कहा, 'असिन से शादी करना मेरे लिए सबसे जरूरी चीज थी, जो मेरे लिए अच्छी रही. वह मेरे पीछे चट्टान की तरह खड़ी हैं। अगर कुछ भी होता है, चाहे कुछ भी हो, तो वही कहती हैं, 'चिंता मत करो… तुम बस आगे बढ़ो.' वह मुझे और मेरे पैशन को समझती हैं. वह मुझ पर आंख बंद करके यकीन करती हैं. अगर आपके आस-पास ऐसे लोग हों, तो जिंदगी बहुत आसान हो जाती है। हमारा पार्टनर ऐसा होना चाहिए, जो हमें ऊपर उठाए, न कि पीछे से खींचे, और ये बात दोस्ती पर भी लागू होती है. मेरे लिए वह वही इंसान हैं… वह मुझे ऊपर उठाती हैं। मेरी जिंदगी में उनका योगदान इतना ज्यादा है, जितना मैं बता नहीं सकता.'

12 भाषाएं बोलती है…

राहुल शर्मा ने बेटी अरिन की परवरिश पर बात करते हुए कहा, 'हमारी एक प्यारी बेटी (अरिन रेन शर्मा) भी है. वह अभी सिर्फ सात साल की है, लेकिन कोरियन, जापानी, थाई और चीनी समेत करीब 12 भाषाएं समझ सकती है और बोल सकती है. मुझे दो भाषाएं बोलने में भी मुश्किल हो रही है. हम इंग्लिश और हिंदी में ही अटके हुए हैं. आप सिर्फ बाहर ही जंग नहीं लड़ रहे हैं, बल्कि आपको अपने घर के अंदर भी ऐसी ही जंग लड़नी पड़ती है, है ना? वह (असिन) ही हैं, जो हमारे घर में इसका ख्याल रखती हैं. मैंने अपनी जिंदगी में उनके जैसा इंसान कभी नहीं देखा.'

असिन का योगदान

राहुल शर्मा ने आगे कहा, 'हमने अभी तक अरिन को कोई स्क्रीन नहीं दी है, न टीवी और न मोबाइल फोन. हमारे पास घर पर सिर्फ किताबें हैं. शायद हमारे घर पर अरिन के स्कूल से ज्यादा किताबें हैं. वह अभी क्लास 2 में है, लेकिन हमारे पास घर पर क्लास 8 और 9 की किताबें पहले से ही हैं. मैं कभी-कभी मजाक में कहता हूं, 'उसे क्लास 10 का बोर्ड एग्जाम भी देने दो. इससे क्या फर्क पड़ता है?' यह सब हमारे लिए असिन का योगदान है. अरिन जैसी इंसान बनी है, उसका पूरा क्रेडिट असिन को जाता है.'