Nitish Bhardwaj Criticizes Film Ramayana: बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म 'रामायण' इस समय अपने कलेक्शन से कमाई के कई रिकॉर्ड तोड़ रही है. इस फिल्म ने दुनियाभर में अब तक 1500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. क्रिटिक्स से लेकर ऑडियंस तक ने फिल्म को अच्छे रिव्यू दिए और इसकी खूब तारीफ की. इसी बीच एक्टर नीतीश भारद्वाज यानी टीवी के ओजी 'श्रीकृष्ण' ने फिल्म 'रामायण' को लेकर अपनी राय दी. नीतीश भारद्वाज ने नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' को एक 'एजेंडा' बताया है. चलिए जानते हैं कि आखिर नीतीश भारद्वाज ने फिल्म 'रामायण' को लेकर क्या कुछ बोला है.
फिल्म 'रामायण' पर भड़के नीतीश भारद्वाज
एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू में एक्टर नीतीश भारद्वाज ने नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'रामायण' को लेकर काफी कुछ कहा है. दरअसल, जिस नीतीश भारद्वाज ने फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर देखकर भविष्यवाणी की थी कि फिल्म ऑस्कर में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म का अवॉर्ड जीतेगी, आज उन्हीं नीतीश के तेवर फिल्म 'रामायण' के लिए पूरी तरह से बदल गए हैं.
यह राम नहीं हैं…
फिल्म 'रामायण' पर बात करते हुए नीतीश भारद्वाज ने कहा, 'इसमें भगवान राम को एक छोटे, सामान्य इंसान के रूप में दिखाया गया है, जिसका चेहरा भावहीन है. यह राम नहीं हैं. भगवान राम मर्यादा के प्रतीक हैं.' इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या छोड़ते वक्त भगवान राम के आंसुओं पर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि फिल्म में 'रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाए' को सही ढंग से नहीं दिखाया जा पाया.
रावण का नेगेटिव साइड
नीतीश ने फिल्म में रावण के किरदार पर भी बात की. नीतीश ने कहा, 'रावण के नेगेटिव साइड को बिल्कुल नहीं दिखाया गया. रावण का किरदार एक मार्क्सवादी कम्युनिस्ट नेता जैसा लगता है. कोई भी पूरी तरह से सफेद या पूरी तरह से काला नहीं होता. रावण का पतन उसके बुरे कर्मों का परिणाम था.'
खलनायक को नायक और नायक को खलनायक
उन्होंने फिल्म के मेकर्स से दो सवाल पूछे. उनका पहला सवाल था कि फिल्म में भगवान राम के रूप में विष्णु के अवतार की क्या जरूरत थी? उन्होंने तर्क देते हुए कहा, 'फिल्म में भगवान राम के अवतार की पूरी अवधारणा को ही नकार दिया गया है. जिस कमजोर को तुमने भगवान राम के रूप में दिखाया है, वही रावण को मार डालेगा. तुम एक खलनायक को नायक और एक नायक को खलनायक बना रहे हो.'
एजेंडा वाले लोग…
नीतीश भारद्वाज ने दावा किया कि प्रोडक्शन कंपनी में लक्जमबर्ग, यूएई और सिंगापुर से पैसा आया था. उन्होंने इन लोगों को एजेंडा वाले लोग बताया है. जब उनसे पूछा गया कि इसके पीछे कौन है, तो उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता. इसकी जांच सरकार को करनी चाहिए.'