नेपाल में आई बाढ़ ने एक बार फिर कुदरत की ताकत का डरावना चेहरा दिखा दिया है. पानी का सैलाब जब रफ्तार पकड़ता है, तो बड़े से बड़ा इंसान भी बेबस नजर आता है. प्राकृतिक आपदाओं पर बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक कई ऐसी फिल्में बन चुकी हैं, जिनमें बाढ़, भूकंप, सुनामी, तूफान और जंगल की आग के बीच इंसानी जज्बे और रिश्तों की कहानी दिखाई गई है. नेपाल की बाढ़ के बीच आइए जानते हैं उन फिल्मों के बारे में, जिनमें कुदरत का खौफनाक रूप पर्दे पर नजर आया.
केदारनाथ
सुशांत सिंह राजपूत और सारा अली खान की फिल्म 'केदारनाथ' इस लिस्ट में सबसे पहले आती है. साल 2018 में आई इस फिल्म की कहानी 2013 की उत्तराखंड त्रासदी की पृष्ठभूमि पर आधारित थी. फिल्म में मनसूर और मुक्कू की प्रेम कहानी दिखाई गई है. हालांकि, कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है जब उत्तराखंड में भयानक बाढ़ तबाही मचाती है. पानी का सैलाब, टूटते पहाड़ और अपनों से बिछड़ने का दर्द फिल्म को बेहद भावुक बना देता है.
तुम मिले
इमरान हाशमी और सोहा अली खान की 'तुम मिले' भी प्राकृतिक आपदा पर बनी चर्चित फिल्मों में शामिल है. फिल्म की कहानी 2005 की मुंबई बाढ़ के बीच आगे बढ़ती है. लगातार बारिश से मुंबई की जिंदगी थम जाती है और इसी दौरान एक कपल मुश्किल हालात में फंस जाता है. बाढ़ के बीच दोनों के रिश्ते की भी परीक्षा होती है.
काय पो छे
'काय पो छे' को आमतौर पर दोस्ती और सपनों की कहानी के तौर पर याद किया जाता है, लेकिन फिल्म में गुजरात का भूकंप भी अहम भूमिका निभाता है. तीन दोस्तों की जिंदगी में आए इस हादसे के बाद सब कुछ बदल जाता है. फिल्म दिखाती है कि एक प्राकृतिक आपदा कैसे इंसान की पूरी जिंदगी को प्रभावित कर सकती है.
द इम्पॉसिबल
हॉलीवुड फिल्म 'The Impossible' साल 2004 की हिंद महासागर सुनामी की सच्ची घटना से प्रेरित है. छुट्टियां मनाने गया एक परिवार अचानक सुनामी की भयानक लहरों में फंस जाता है. परिवार के सदस्य बिछड़ जाते हैं और फिर शुरू होती है एक-दूसरे को खोजने की जंग. फिल्म में डर और इमोशन दोनों देखने को मिलते हैं.
द परफेक्ट स्टॉर्म
'The Perfect Storm' समुद्र में फंसे मछुआरों की कहानी है. फिल्म में एक नाव और उसके क्रू का सामना खतरनाक तूफान से होता है. समुद्र की ऊंची लहरों और खराब मौसम के बीच जिंदगी बचाना उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है.
टाइटैनिक
जेम्स कैमरून की 'Titanic' भले ही जैक और रोज की प्रेम कहानी के लिए मशहूर हो, लेकिन इसकी कहानी एक असली समुद्री त्रासदी पर आधारित है. 1912 में RMS Titanic हिमखंड से टकराने के बाद डूब गया था. फिल्म में इस हादसे के बीच प्यार, डर और बिछड़ने की कहानी दिखाई गई है.
ओनली द ब्रेव
'Only the Brave' जंगल की भीषण आग पर आधारित फिल्म है. यह अमेरिका में Yarnell Hill wildfire से लड़ने वाले फायरफाइटर्स की सच्ची कहानी दिखाती है. आग के बीच लोगों की जान बचाने के लिए ये जवान अपनी जिंदगी तक दांव पर लगा देते हैं.
प्रकृति का खौफनाक मंजर
इन सभी फिल्मों की कहानियां अलग हैं, लेकिन संदेश एक ही है. कुदरत के सामने इंसान कितना भी ताकतवर क्यों न हो, मुश्किल वक्त में हिम्मत, रिश्ते और इंसानियत ही सबसे बड़ी ताकत बनते हैं.