Nana Patekar Tanushree Dutta Controversy: बॉलीवुड एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता ने राखी सावंत और दिवंगत अभिनेता नाना पाटेकर को लेकर चौंकाने वाले दावे किए हैं. तनुश्री का आरोप है कि साल 2018 में #MeToo विवाद के दौरान राखी सावंत ने उनके खिलाफ बयान देने के लिए नाना पाटेकर से पैसे लिए थे. एक्ट्रेस ने दावा किया कि राखी नाना के घर से 2 से 2.5 लाख रुपये नकद लेकर आई थीं. तनुश्री के इन आरोपों ने एक बार फिर पुराने विवाद को चर्चा में ला दिया है.

नाना पाटेकर पर बयान के बाद ट्रोल हुईं तनुश्री

दरअसल, नाना पाटेकर के निधन की खबर सामने आने के बाद तनुश्री दत्ता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था. इस वीडियो में उन्होंने अभिनेता के लिए 'ईविल डेड' कहा था. उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया. इसके बाद तनुश्री ने एक और वीडियो शेयर कर अपनी बात रखी. इसी दौरान उन्होंने राखी सावंत को लेकर भी कई गंभीर आरोप लगाए.

---विज्ञापन---

राखी सावंत ने नाना के घर से उठाए थे पैसे?

तनुश्री दत्ता ने अपने वीडियो में दावा किया कि साल 2018 में #MeToo आंदोलन के दौरान राखी सावंत ने उनके खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. तनुश्री का आरोप है कि इसके लिए राखी को नाना पाटेकर की तरफ से 2 से 2.5 लाख रुपये दिए गए थे.

एक्ट्रेस ने यह किसका लिया नाम?

एक्ट्रेस ने अपनी बात रखते हुए राजश्री मोरे का नाम लिया. तनुश्री के मुताबिक, राजश्री कभी राखी सावंत की करीबी दोस्त हुआ करती थीं. उन्होंने दावा किया कि राजश्री ने उन्हें बताया था कि राखी नाना पाटेकर के घर गई थीं और वहां से नकदी लेकर आई थीं. तनुश्री ने यह भी कहा कि उस वक्त राजश्री मोरे कार में मौजूद थीं. हालांकि, ये सभी बातें फिलहाल तनुश्री के दावे हैं.

---विज्ञापन---

'मैं मानसिक रूप से बहुत परेशान हो गई थी'

तनुश्री ने वीडियो में उस दौर को याद करते हुए कहा कि नाना पाटेकर से जुड़े लोगों की वजह से वह काफी परेशान हो गई थीं. उनका आरोप है कि राखी सावंत के बयानों और वीडियो ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी थीं. एक्ट्रेस ने दावा किया कि राजश्री मोरे ने यह जानकारी पांच लोगों के सामने शेयर की थी. तनुश्री ने नाना पाटेकर पर भी आरोप लगाए कि वह अपने पक्ष में काम करवाने के लिए दूसरे लोगों का इस्तेमाल करते थे.

क्या है पूरा #MeToo विवाद?

यह पूरा मामला साल 2008 में आई फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' की शूटिंग से जुड़ा है. तनुश्री दत्ता ने आरोप लगाया था कि फिल्म के एक गाने की शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर ने उनके साथ गलत व्यवहार किया था. साल 2018 में यह मामला #MeToo आंदोलन के दौरान फिर सुर्खियों में आया था. इसी फिल्म में राखी सावंत ने भी आइटम सॉन्ग किया था. फिलहाल, तनुश्री दत्ता के इन नए आरोपों पर राखी सावंत और राजश्री मोरे का रिएक्शन सामने नहीं आया है.

---विज्ञापन---