Mushtaq Khan Death: बॉलीवुड का वो एक्टर जिसने अपनी एक्टिंग से हर दिल में खास जगह बनाई, आज हमारे बीच नहीं है, उनके जाने से सेलेब्स से लेकर फैंस तक सदमे में हैं. हम बात कर रहे हैं. 'वेलकम' फेम एक्टर मुश्ताक खान की, जिनका 56 साल की उम्र में निधन हो गया है. 24 सितंबर की शाम मुंबई के नानावती अस्पताल में एक्टर ने अंतिम सांस ली. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुश्ताक लंबे समय से कैंसर से जंग लड़ रहे थे. उनके निधन की खबर सुन इंडस्ट्री से जुड़े कई सितारों ने उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दी. इसी बीच नेशनल अवॉर्ड विनिंग एक्टर संजय मिश्रा ने मुश्ताक खान के साथ अपनी खास बॉन्डिंग को याद किया है.
संजय मिश्रा ने बताया अभिभावक
संजय मिश्रा ने एएनआई से बातचीत में मुश्ताक खान के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उन्हें पता था कि अभिनेता की तबीयत खराब चल रही है, लेकिन उनके जाने की उम्मीद नहीं थी. संजय ने बताया कि उनकी जिंदगी के एक दौर में मुश्ताक खान उनके लिए अभिभावक जैसे बन गए थे. जब भी उन्हें किसी तरह की सलाह या मदद की जरूरत होती थी, वह मुश्ताक खान से बात करते थे.
'अच्छे काम के बाद नहीं मिला उतना क्रेडिट'
संजय मिश्रा ने कहा कि मुश्ताक खान बेहद अच्छे कलाकार और इंसान थे. उन्होंने यह भी अफसोस जताया कि अपने शानदार काम के बावजूद उन्हें उतना क्रेडिट और पहचान नहीं मिली, जिसके वह हकदार थे. संजय ने 'वेलकम' में साथ काम करने के दिनों को भी याद किया और बताया कि मुश्ताक खान ने उन्हें दुबई भी घुमाया था.
इंस्टाग्राम पर भी किया याद
संजय मिश्रा ने सोशल मीडिया पर भी मुश्ताक खान के साथ 'वेलकम' के दिनों की एक तस्वीर शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. उन्होंने भावुक अंदाज में लिखा कि उन्होंने मुश्ताक भाई का हाथ पकड़कर बहुत कुछ सीखा. साथ ही उन्होंने उनके बेटे मोहसिन का जिक्र करते हुए अभिनेता को याद किया और उनकी आत्मा की शांति की कामना की.
'वेलकम' के बल्लू से मिली खास पहचान
मुश्ताक खान ने हिंदी सिनेमा में तीन दशक से ज्यादा लंबे करियर में कई यादगार किरदार निभाए. 'आशिकी', 'हम हैं राही प्यार के', 'हेरा फेरी', 'जोड़ी नंबर 1', 'मुझसे शादी करोगी', 'वेलकम' और 'राउडी राठौर' जैसी फिल्मों में वह नजर आए. हाल के सालों में उन्होंने 'गदर 2', 'बधाई दो' और 'स्त्री 2' में भी काम किया था.
फैंस के दिलों में हमेशा रहेंगे जिंदा
हालांकि, अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ स्टारर 2007 की फिल्म 'वेलकम' में बल्लू का उनका किरदार आज भी दर्शकों के बीच खासा पॉपुलर है. फिल्म में उनकी कॉमिक टाइमिंग और 'मेरी एक टांग नकली है' वाला सीन खूब पसंद किया गया था. यही वजह है कि उनके निधन की खबर के बाद फैंस उन्हें उनके इस यादगार किरदार के लिए भी याद कर रहे हैं.