Mushtaq Khan Death Rajpal Yadav and Anupam Kher Emotional Post: बॉलीवुड सिनेमा के दिग्गज एक्टर मुश्ताक खान का 24 सितंबर 2026 को 56 साल की उम्र में निधन हो गया. मुश्ताक खान लंग कैंसर से जूझ रहे थे. तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें 15 दिनों तक ICU में रखा गया. हालांकि, इलाज के बाद भी गुरुवार शाम 7 बजे उनका निधन हो गया. बताया जा रहा है कि उन्हें पहले भी लंग कैंसर हुआ था, जिससे वह ठीक हो गए थे. लेकिन कुछ दिनों पहले कैंसर दोबारा लौट आया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनका कैंसर आखिरी स्टेज में था. मुश्ताक खान के निधन से उनके परिवार और फैंस के साथ-साथ उनके को-एक्टर भी टूट गए हैं. राजपाल यादव से लेकर अनुपम खेर और एक्ट्रेस सुप्रिया पिलगांवकर तक ने मुश्ताक खान के निधन पर दुख व्यक्त किया है.

2 घंटे पहले उनसे मिला…

मुश्ताक खान के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए राजपाल यादव ने X पर एक लंबा पोस्ट लिखा, जिसमें उन्होंने बताया कि वह एक्टर से महज 2 घंटे पहले ही मिले थे. राजपाल यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'आज दोपहर में मैं मुश्ताक भाई से मिलने गया. उनसे बातें कीं. उन्होंने मुझे देखा, मुझसे हाथ भी मिलाया और हमारी सारी बातें वह सुन रहे थे और रिएक्ट भी कर रहे थे. मुझे तो अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि दो घंटे पहले मैं जिनसे मिला, जिनसे हाथ मिलाया, वो अब हमारे बीच नहीं हैं. ऊपर वाले के फैसले के आगे हम सब नतमस्तक हैं. मुश्ताक भाई, आप हमेशा एक लोकप्रिय इंसान और अभिनेता थे, हैं और रहेंगे. आपको बड़े दुखी दिल के साथ भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.'

---विज्ञापन---

उन्हें गुस्से में नहीं देखा…

वहीं, अनुपम खेर ने भी मुश्ताक खान के निधन पर अपना दर्द बयां करते हुए एक वीडियो शेयर किया. इसमें उन्होंने कहा, 'अभी-अभी मैंने मुश्ताक खान साहब के जाने की खबर सुनी, जिससे मुझे बहुत दुख हुआ. एक वक्त था जब हमने साथ में बहुत काम किया. फिर हम अपने-अपने रास्ते पर चले गए. लेकिन उनके साथ बिताए वो दिन मुझे हमेशा याद रहेंगे. बहुत सहज थे, शानदार सेंस ऑफ ह्यूमर था उनका. मैंने कभी उन्हें गुस्से में नहीं देखा. पिछले 4-5 साल से मेरी उनके बेटे मोहसिन से लगातार बात हो रही है. मोहसिन जब भी अपना कोई नया काम करते थे, मैं भी उनसे हमेशा पूछता था कि आपके वालिद साहब कैसे हैं?'

इस वीडियो के साथ अनुपम खेर ने एक इमोशनल कैप्शन भी लिखा, 'मुश्ताक खान साहब के साथ काम करते हुए बहुत खूबसूरत यादें बनीं. उनके जाने की खबर सुनकर वे सारे दिन फिर आंखों के सामने आ गए. उनके बेटे मोहसिन और पूरे परिवार के साथ मेरी दिल से संवेदनाएं हैं.'

---विज्ञापन---

ईश्वरी का सबसे प्यारा भाई…

हिट टीवी शो 'कुछ रंग प्यार के ऐसे भी' में मुश्ताक खान के साथ काम करने वाली एक्ट्रेस सुप्रिया पिलगांवकर ने भी एक्टर के निधन पर दुख व्यक्त किया है. सुप्रिया ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर दो पोस्ट शेयर किए. एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'मैं सदमे में हूं. ईश्वरी का सबसे प्यारा भाई, जिसने समय-समय पर उसे सही राह दिखाई. टीवी जगत में भी एक्टिव रहने वाले महान अभिनेता, हमेशा मुस्कुराते रहने वाले इंसान. दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि.' वहीं, दूसरी पोस्ट में उन्होंने मुश्ताक खान के साथ सीरियल का एक क्लिप शेयर किया.