Mirzapur The Movie: ओटीटी (OTT) की दुनिया का सबसे चर्चित और सुपरहिट शो 'मिर्जापुर' अब बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है. आगामी 4 सितंबर को सिनेमाघरों में 'मिर्जापुर: द मूवी' (Mirzapur The Movie) रिलीज होने जा रही है. जब से मेकर्स ने फिल्म का ऐलान किया है, तभी से फैंस के मन में यह सवाल था कि क्या फिल्म की कहानी सीरीज के आगे का हिस्सा होगी. अब गुड्डू पंडित यानी अली फजल (Ali Fazal) ने खुद खुलासा किया है कि फिल्म की कहानी पहले किस सीजन के कौनसे एपिसोड के बीच से निकाली गई है.
सीजन 1 के एपिसोड्स से जुड़ाव
गुड्डू पंडित का मशहूर किरदार निभाने वाले एक्टर अली फजल ने एक इंटरव्यू में बताया कि 'मिर्जापुर: द मूवी' की कहानी वेब सीरीज के पहले सीजन के छठे और सातवें एपिसोड के बीच के खाली स्थान से निकली है. उन्होंने कहा कि मेकर्स ने उस हिस्से से लेफ्ट टर्न लिया है और फिल्म की कहानी वहीं से शुरू होती है. इसलिए फैंस को सलाह दी जा रही है कि वे फिल्म देखने से पहले सीजन 1 के शुरुआती 6 एपिसोड जरूर देख लें.
पिछले 10 साल का सबसे बड़ा प्रयोग
फिल्म के बारे में बात करते हुए अली फजल ने आगे कहा कि भारतीय सिनेमा में ऐसा पहली बार हो रहा है जब किसी सुपरहिट वेब सीरीज को सीधे थिएटर्स में बड़ी फिल्म के रूप में पेश किया जा रहा है. उन्होंने इसे मेकर्स और दर्शकों दोनों के लिए पिछले 10 साल का सबसे बड़ा और साहसिक एक्सपेरिमेंट बताया.
स्टारकास्ट के बयानों से बढ़ा सस्पेंस
फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों में थोड़ा कन्फ्यूजन भी बना हुआ है. जहां एक तरफ अली फजल ने 6 एपिसोड देखने की सलाह दी है, वहीं 'मुन्ना भैया' का रोल निभाने वाले दिव्येंदु शर्मा (Divyenndu) का कहना है कि जिन्होंने सीरीज नहीं देखी है, वे भी इस फिल्म का पूरा मजा ले सकते हैं. हालांकि डिंपी का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस हर्षिता गौर ने कहा कि चौथे सीजन से पहले फिल्म देखना बेहद जरूरी है.
पटना में हुआ जोरदार प्रमोशन
फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में हाल ही में अली फजल, पंकज त्रिपाठी (Pankaj Tripathi) और दिव्येंदु शर्मा पटना पहुंचे थे. पटना में आयोजित ग्रैंड इवेंट के दौरान सभी कलाकारों ने फैंस के साथ मुलाकात की और थिएटर्स में फिल्म देखने की अपील की. इस दौरान भी स्टार्स ने सीरीज और मूवी के बीच के कनेक्शन को लेकर दिलचस्प बातें शेयर कीं.
सीजन 4 से पहले रिलीज होगी फिल्म
'मिर्जापुर' वेब सीरीज के अब तक तीन सफल सीजन आ चुके हैं और चौथे सीजन का इंतजार लाखों फैंस कर रहे हैं. लेकिन मेकर्स चौथे सीजन से पहले यह फिल्म लेकर आ रहे हैं. अब यह तो 4 सितंबर को रिलीज के बाद ही साफ हो पाएगा कि थिएटर्स में आने वाली यह फिल्म वेब सीरीज की कहानी को कितना आगे ले जाती है.