Mika Singh Defends Brother Daler Mehndi: फेमस पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों एक विवाद के कारण सुर्खियों में हैं. दरअसल, हाल ही में सिंगर दलेर मेहंदी उत्तराखंड के एक कल्चरल इवेंट में पहुंचे थे, जहां उत्तराखंड के कैबिनेट मिनिस्टर सुबोध उनियाल ने स्टेज पर उन्हें डांटा और उनके व्यवहार पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वो नशे में थे. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. जिसके बाद कई सिंगर्स ने दलेर मेहंदी की बेइज्जती करने के लिए मंत्री सुबोध उनियाल की आलोचना की और उनसे माफी मांगने के लिए कहा. अब इस मामले में दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह ने भी अपनी चुप्पी तोड़ी है. चलिए जानते हैं कि उन्होंने आखिर क्या कुछ कहा है.
मीका सिंह ने तोड़ी चुप्पी
मीका सिंह ने इस मामले में अपने भाई दलेर मेहंदी का बचाव करते हुए कहा कि उनके भाई दलेर कभी शराब नहीं पीते. अब उन्होंने मंत्री सुबोध उनियाल से अपने भाई के लिए माफी की मांग की है. मीका ने बुधवार को अपने X हैंडल पर एक पोस्ट शेयर किया. इसमें उन्होंने उन सभी पंजाबी और बॉलीवुड सेलिब्रिटीज का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने दलेर को सपोर्ट किया था. अपनी इस पोस्ट में मीका सिंह ने लिखा, 'सत श्री अकाल, सब लोग! बॉलीवुड से लेकर पंजाब तक के सभी सिंगर्स, फैंस, दोस्तों, परिवार और शुभचिंतकों को आपके प्यार और सपोर्ट के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद.'
मेरा पॉइंट सिंपल है…
मीका सिंह ने उत्तराखंड के मंत्री से माफी की मांग करते हुए आगे लिखा, 'मेरा पॉइंट सिंपल है. दलेर मेहंदी जी शराब नहीं पीते हैं, और उन पर ऐसे इल्जाम लगाना पूरी तरह से गलत है. आज अगर कोई टीचर स्कूल या कॉलेज में किसी बच्चे को डांट भी दे, तो यह एक बड़ा मुद्दा बन जाता है. ऐसे में इतने मशहूर कलाकार को स्टेज पर सबके सामने डांटना और बेइज्जत करना कितना सही है? मुझे लगता है कि माफी मांगनी चाहिए. जिम्मेदार व्यक्ति को यह मानना चाहिए कि दलेर मेहंदी जी पर शराब पीने के आरोप गलत थे और उनके साथ जिस तरह का बर्ताव किया गया, उसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए, कैबिनेट मंत्री @SubodhUniyal1. दलेर मेहंदी जी के साथ खड़े होने के लिए आप सभी का धन्यवाद.'
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि सिंगर दलेर मेहंदी ने रविवार रात उत्तराखंड के नई टिहरी में सिद्धपीठ मां कुंजापुरी टूरिज्म एंड डेवलपमेंट मेले में परफॉर्म किया था. उत्तराखंड के कैबिनेट मिनिस्टर सुबोध उनियाल ने उन्हें परफॉर्मेंस के बीच में ही टोक दिया और स्टेज पर उन्हें डांटने लगे. मिनिस्टर ने सिंगर के व्यवहार की बुराई की और कहा, 'तुम बोल भी नहीं सकते, तो गाओगे कैसे?' जिससे ऐसा लगा कि सिंगर नशे में था. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.