Ghooskhor Pandat: मनोज बाजपेयी की अपकमिंग फिल्म 'घूसखोर पंडित' रिलीज से पहले ही विवादों में आ गई है. देश के कई हिस्सों में फिल्म के टाइटल को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहा है. इस पूरे विवाद को लेकर एमएफसी ने फिल्म के अनऑथराइज्ड टाइटल को लेकर मेकर्स को भी नोटिस जारी किया गया है. यहां तक कि इस टाइटल को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में एक शख्स ने याचिका भी दायर की. इस लगातार विरोध और नोटिस के बाद अब फिल्म के मेकर निर्माता नीरज पांडे ने भी सफाई देते हुए बयान जारी किया है. उन्होंने फिल्म के टाइटल और कहानी को फिक्शनल बताया है.
टाइटल विवाद पर नीरज पांडे ने दी सफाई
दरअसल, 6 फरवरी को नीरज पांडे ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म को लेकर चल रहे विवाद पर सफाई दी है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर लंबा चौड़ा पोस्ट लिखते हुए कहा, "हमारी फिल्म एक काल्पनिक कॉप ड्रामा है, और "पंडित" शब्द का प्रयोग केवल एक काल्पनिक किरदार के बोलचाल के नाम के रूप में किया गया है. कहानी एक व्यक्ति के कामों और विकल्पों पर केंद्रित है और किसी भी जाति, धर्म या समुदाय पर टिप्पणी या प्रतिनिधित्व नहीं करती है.
---विज्ञापन---
किसी की भावनाओं को आहत नहीं करना चाहते मेकर्स
उन्होंने आगे लिखा, " एक फिल्म निर्माता के रूप में, मैं अपने काम को गहरी जिम्मेदारी की भावना के साथ करता हूं - ऐसी कहानियां सुनाना जो विचारशील और सम्मानजनक हों. यह फिल्म, मेरी पिछली फिल्मों की तरह, पूरी ईमानदारी से बनाई गई है और इसका एकमात्र उद्देश्य दर्शकों को एंटरटेन करना है. हम समझते हैं कि फिल्म के टाइटल से कुछ दर्शकों को ठेस पहुंची है, और हम उन भावनाओं को समझते हैं. इन चिंताओं को ध्यान में रखते हुए, हमने फिलहाल सभी प्रमोशनल मटेरियल हटाने का फैसला लिया है, क्योंकि हमारा मानना है कि फिल्म को पूरी तरह से देखा जाना चाहिए और उस कहानी के संदर्भ में समझा जाना चाहिए जिसे हम बताना चाहते हैं, न कि थोड़ी सी झलक के आधार पर. हम जल्द ही दर्शकों के साथ फिल्म साझा करने के लिए उत्सुक हैं.
---विज्ञापन---
मेकर्स को भेजा गया नोटिस
बता दें कि फिल्म प्रोड्यूसर एसोसिएशन ने भी घूसखोर पंडित को लेकर मेकर्स को नोटिस भेजा है. एफएमसी का इस विवाद को लेकर कहना है कि मेकर्स ने नियमों के मुताबिक टाइटल को लेकर परमिशन नहीं ली थी. नोटिस में लिखा गया, "निर्माता नीरज पांडे, जो कि इंडियन मोशन पिक्चर्स प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के मेंबर हैं, उन्होंने घूसखोर पंडित टाइटल के इस्तेमाल के लिए अनुमति के लिए परमिशन नहीं ली है.जिसके कारण इसका इस्तेमाल करने पर उनके खिलाफ डिसीप्लिनरी एक्शन हो सकता है. इन सभी के अलावा फिल्म के टाइटल को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में भी एक शख्स ने याचिका दायर की.
फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार
मनोज बाजपेयी स्टारर घूसखोर पंडित का निर्देशन रितेश शाह ने किया है और इसके प्रोड्यूसर नीरज पांडे है. फिल्म में मनोज पुलिस ऑफिसर अजय दीक्षित का रोल अदा कर रहे हैं, जो कि एक रिश्वतखोर है. इसके अलावा मूवी में नुसरत भरूचा, दिव्या दत्ता, साकिब सलीम, कीकू शारदा, श्रद्धा दास जैसे कलाकार नजर आएंगे. फिल्म सिनेमाघरों में जल्द रिलीज होगी. हालांकि इस विवाद के बाद फिल्म कब रिलीज होगी अभी कुछ कहा नहीं जा सकता.
यह भी पढ़ें- Vadh 2 X Review: संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की जोड़ी क्या फिर दिखा पाई कमाल? सस्पेंस थ्रिलर और क्लाइमैक्स है जबरदस्त