बॉलीवुड एक्ट्रेस और फिटनेस आइकन मलाइका अरोड़ा अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ पर्सनल लाइफ को लेकर भी अक्सर सुर्खियों में रहती हैं. इन दिनों एक्ट्रेस अपने कथित बॉयफ्रेंड और डायमंड बिजनेसमैन हर्ष मेहता के साथ रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में ओनम के मौके पर हर्ष को मलाइका के घर पर देखा गया, जिसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
मलाइका की मां के घर पहुंचे हर्ष
26 अगस्त को मलाइका अरोड़ा ने अपनी मां के घर ओनम का त्योहार सेलिब्रेट किया. इस खास मौके पर हर्ष मेहता भी वहां पहुंचे. जैसे ही हर्ष को मलाइका के घर से बाहर निकलते हुए पैपराजी ने देखा, कैमरे उनकी तरफ घूम गए. हालांकि, हर्ष इस दौरान कैमरे से बचते और अपनी नजरें चुराते हुए दिखाई दिए.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह के कयास लगाने शुरू कर दिए हैं.
क्या बोले यूजर्स?
हर्ष के मलाइका की मां के घर पहुंचने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे खास संकेत माना. एक यूजर ने लिखा कि लगता है अब रिश्ता पक्का हो गया है. वहीं दूसरे ने पूछा कि दोनों शादी कब करने वाले हैं. कुछ लोगों ने उनकी जोड़ी को क्यूट बताया, तो कुछ ने कहा कि दोनों साथ में अच्छे लगते हैं.
हर्ष की मलाइका की मां से मुलाकात
कई यूजर्स ने तो यहां तक अंदाजा लगा लिया कि ओनम के मौके पर हर्ष ने मलाइका की मां से मुलाकात कर रिश्ते को आगे बढ़ाने की बात की होगी.
लंबे समय से चल रही डेटिंग की खबरें
मलाइका और हर्ष मेहता के रिश्ते की खबरें पिछले काफी समय से सामने आती रही हैं. दोनों को कई मौकों पर साथ देखा जा चुका है. कभी इवेंट में तो कभी कैजुअल आउटिंग के दौरान दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं.
अर्जुन कपूर संग जुड़ चुका एक्ट्रेस का नाम
मलाइका इससे पहले अभिनेता अर्जुन कपूर के साथ लंबे समय तक रिलेशनशिप में थीं. दोनों के अलग होने के बाद से ही एक्ट्रेस की नई लव लाइफ को लेकर फैंस की दिलचस्पी बढ़ी हुई है.
क्या शादी के बंधन में बंधेंगे दोनों?
फिलहाल, मलाइका और हर्ष ने अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. ऐसे में ओनम पर हर्ष का मलाइका की मां के घर पहुंचना जरूर चर्चा का विषय बन गया है, लेकिन क्या वाकई दोनों का रिश्ता शादी की ओर बढ़ रहा है, इसका जवाब आने वाले वक्त में ही मिलेगा.