Madhu Kambikar and Nana Patekar Death Connection: बॉलीवुड और मराठी सिनेमा के दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर का निधन 8 अक्टूबर 2026 को हुआ था. उनके निधन के चार दिन बाद मराठी सिनेमा की दिग्गज एक्ट्रेस मधु कांबीकर के निधन की खबर सामने आई. मराठी फिल्म इंडस्ट्री में सालों तक अलग-अलग किरदार निभाने वाली मधु कांबीकर ने 12 अक्टूबर 2026 को दुनिया को अलविदा कह दिया. वह लंबे समय से बीमार थीं. इस बीच सोशल मीडिया पर नाना पाटेकर और मधु कांबीकर के निधन के बीच कनेक्शन की चर्चा तेज हो गई है. आइए, पूरा मामला समझते हैं.

नाना पाटेकर और मधु कांबीकर के निधन के बीच कनेक्शन?

सोशल मीडिया पर लोग नाना पाटेकर और मधु कांबीकर के निधन के बीच कनेक्शन की चर्चा कर रहे हैं. इसकी वजह यह है कि मधु कांबीकर ने कई फिल्मों में नाना पाटेकर की मां का किरदार निभाया था. इनमें हिंदी फिल्में 'हम दोनों' और 'यशवंत' भी शामिल हैं.

---विज्ञापन---

दोनों के निधन के बीच चार दिन का अंतर है. इसके अलावा, दोनों ने पुणे से जुड़ी अपनी जिंदगी के आखिरी अध्याय पूरे किए. नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार पुणे स्थित उनके फार्महाउस पर किया गया था. वहीं, एबीपी माझा की रिपोर्ट के मुताबिक, मधु कांबीकर ने भी पुणे में अपनी आखिरी सांस ली. बताया जा रहा है कि उनका अंतिम संस्कार भी पुणे में ही किया जाएगा.

मंत्री अदिति तटकरे ने दी श्रद्धांजलि

73 साल की मधु कांबीकर के निधन की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं. इनमें महाराष्ट्र सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे भी शामिल हैं. उन्होंने X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'मराठी फिल्म और थिएटर जगत की दिग्गज और मशहूर अभिनेत्री मधु कांबीकर के निधन की खबर बेहद दुखद है. अपने बहुमुखी अभिनय और लोक कलाओं में अपने योगदान से उन्होंने दर्शकों का दिल मोह लिया था. उनके जाने से मराठी कला जगत ने एक अनमोल 'नायिका' खो दी है. भगवान उनकी आत्मा को शाश्वत शांति प्रदान करें. भावभीनी श्रद्धांजलि!'

---विज्ञापन---

सुप्रिया सुले ने किया याद

वहीं, राजनेता सुप्रिया सुले ने भी मधु कांबीकर के निधन पर दुख व्यक्त किया. उन्होंने लिखा, 'मशहूर एक्ट्रेस मधु कांबीकर के निधन की खबर बेहद दुखद है. लोक कला, सिनेमा और टीवी सीरियल्स के जरिए उन्होंने कई सालों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया. उनकी सहज एक्टिंग और लावणी परफॉर्म करने का खास अंदाज उनकी पहचान थी. उन्होंने 'एक होता विदूषक', 'माझा चकुला', 'देबू', 'जपतलेला' और कई दूसरी फिल्मों में अपनी एक्टिंग से अमिट छाप छोड़ी. उनके निधन से उनके परिवार पर जो दुख का पहाड़ टूटा है, उसमें हम सब उनके साथ हैं. हमारी गहरी संवेदनाएं.'