Machan Baba Movie: नीब करौरी बाबा से इंस्पायर्ड फिल्म 'हनुमान अंश' की बंपर सक्सेस के बाद अब भारतीय संत परंपरा के एक और महा-रहस्यमयी संत 'देवराहा बाबा' (Deoraha Baba) की लाइफ पर फिल्म बनने जा रही है. इस फिल्म का नाम 'मचान बाबा' (Machan Baba) रखा गया है, जिसका टाइटल पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर बज क्रिएट हो गया है. मेकर्स ने इस प्रोजेक्ट को साल 2027 में सिनेमाघरों में उतारने का प्लान किया है, जो इतिहास और अध्यात्म का एक जबरदस्त कॉम्बिनेशन होने वाला है.

500 साल की उम्र का रहस्य

देवराहा बाबा हमेशा नदी किनारे जमीन से कई फीट ऊंचे 'मचान' पर निवास करते थे, इसलिए उन्हें मचान बाबा भी कहा जाता था. उनके जीवन का सबसे बड़ा और हैरान करने वाला रहस्य उनकी उम्र है, जहां कई कथाओं में उनके 500 साल से ज्यादा जीने के दावे मिलते हैं, हालांकि इसके ठोस ऐतिहासिक प्रमाण नहीं हैं.

देवराहा बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म 'मचान बाबा' 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी.

किंग जॉर्ज से लेकर इंदिरा-राजीव तक कनेक्शन

बाबा के इतिहास से जुड़े कई दिलचस्प किस्से राजनीति के दिग्गजों से भी जुड़े रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1911 में किंग जॉर्ज पंचम से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी तक के बाबा से मिलने के दावे किए जाते हैं, जिन्हें लेकर आज भी काफी चर्चाएं हैं.

हनुमान अंश के साथ दिलचस्प कनेक्शन

यह फिल्म उस 'हनुमान अंश' फिल्म से आध्यात्मिक रूप से जुड़ी है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ से ज्यादा का वर्ल्डवाइड कारोबार किया था. रिसर्च के अनुसार, नीब करौरी बाबा और देवराहा बाबा एक ही दौर में सक्रिय थे और नीब करौरी बाबा उनका बेहद सम्मान करते थे.

ब्रिटेन और अमेरिका के धांसू मेकर्स

इस फिल्म को ब्रिटेन की जानी-मानी कारोबारी और 'पेपर क्वीन' के नाम से मशहूर पूनम गुप्ता (OBE) और अमेरिका के उद्यमी विकल्प पालीवाल मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. ओजस फिल्म्स (Ojas Films) के बैनर तले बन रही यह फिल्म केवल चमत्कारों पर नहीं, बल्कि गहरी रिसर्च और इतिहास पर फोकस होगी.

2027 में होगी धमाकेदार रिलीज

फिलहाल फिल्म प्री-प्रोडक्शन और रिसर्च के फेज में है. मेकर्स का साफ कहना है कि 'मचान बाबा' के जरिए वे केवल चमत्कारों को नहीं, बल्कि देवराहा बाबा के जीवन की आस्था, राजनीति और इतिहास की परतों को पर्दे पर उकेरेंगे, जिसे 2027 में रिलीज किया जाएगा.