Kriti Sanon Big Statement: बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन इन दिनों अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर काफी बिजी चल रही हैं. कुछ समय पहले कृति सेनन अपने एक राखी एड के लिए खबरों में छाई हुई थीं. हाल ही में इस विवाद को लेकर कृति ने करीना कपूर के टॉक शो 'व्हाट वीमेन वांट' में भी बात की थी. जहां उन्होंने बताया था कि कैसे इस एक विवाद ने उनके साथ-साथ उनके पूरे परिवार को भी परेशानियों में डाल दिया था. अब कृति सेनन ने अपनी एक्टिंग और फिल्मों में बोल्ड किरदारों के सिलेक्शन के बारे में खुलकर बात की है. साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि वो अब फिल्मों में सती सावित्री जैसी अच्छी लड़कियों वाले किरदार नहीं निभाना चाहतीं. चलिए जानते हैं कि आखिर उन्होंने क्या कुछ कहा है.
सती सावित्री…
कृति सेनन ने करीना कपूर के शो 'व्हाट वीमेन वांट' में खुलकर बताया कि अब वो फिल्मों में किस तरह के किरदार निभाना चाहती हैं और किस तरह फिल्मों में काम करना उन्हें बोरिंग लगता है. दरअसल, शो में जब करीना ने उनसे पूछा कि अब फिल्मों में वह किस तरह के रोल करना चाहती हैं, जो उन्हें कम्फर्ट जोन से बाहर रखें. इस पर जवाब देते हुए कृति ने बताया कि जब वह इंडस्ट्री में नई थीं, तो उन्हें पता था कि उन्हें जिन किरदारों के ऑफर मिले थे, उनमें से ही किसी एक को चुनना था. कृति ने कहा, 'आपको सभी शानदार मौके तुरंत नहीं मिलते. बहुत लंबे समय तक मैंने ये अच्छी लड़की वाले किरदार निभाए हैं. लंबे समय तक, औरत को मर्दों की नजर से देखा जाता है. जो सती सावित्री, शर्मीली, संस्कारी हैं, जिसे गुंडों से बचाना है… जो कभी गलत काम नहीं करती.'
ज्यादा रियल, ज्यादा सच्चे…
कृति सेनन ने जवाब को पूरा करते हुए आगे कहा, 'यह अच्छी बात है कि लोग अब लड़कियों को लेकर ऐसे रोल लिख रहे हैं, जो ज्यादा रियल, ज्यादा सच्चे हैं. अब जरूरी नहीं कि आप गोरे हों, इतने इनह्यूमन हों कि गलतियां करें और ऐसी चीजें करें जो शायद एथिकली सही न हों… और मैं गुड गर्ल वाले रोल करते-करते बोर हो गई थी. वैसे असल जिंदगी में मेरे अंदर अच्छी लड़की वाला सिंड्रोम है…'
मतलबी और खुदगरज…
इसके बाद कृति सेनन ने फिल्म 'दो पत्ती' में अपने डबल रोल करने का एक्सपीरियंस शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने कैसे एक कॉम्प्लेक्स कैरेक्टर प्ले किया, जो मतलबी और खुदगरज है. उसे रिश्ते निभाना नहीं आता. ये एक्सपीरियंस उनके करियर के लिए सच में एक बदलाव जैसा था. इस दौरान कृति ने फिल्म 'जोकर' में जोकिन फीनिक्स की परफॉर्मेंस का उदाहरण दिया और कहा कि आज भी ऑडियंस उस कैरेक्टर को पसंद करती है और उसका दर्द देखती और समझती है. इसके अलावा कृति सेनन ने बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड जीतने से लेकर अपना प्रोडक्शन हाउस खोलने तक के सफर के बारे में भी खुलकर बात की है.