Kriti Sanon on Kareena Kapoor Show: बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन एक बार फिर सुर्खियों में हैं. दरअसल, कृति ने एक बार फिर रक्षा बंधन के विज्ञापन में उनके कपड़ों को लेकर हुए विवाद का मुद्दा उठाया है. कृति ने बताया कि कैसे उनकी एक ड्रेस नेशनल टीवी के प्राइम टाइम पर होने वाली बहस का विषय बन गई थी. इसके साथ ही कृति सेनन ने कई और मुद्दों पर भी बात की. 'कॉकटेल 2' की एक्ट्रेस ने ये सारी बातें करीना कपूर के आने वाले टॉक शो 'व्हाट वुमन वांट' पर की हैं, जिसका हाल ही में ट्रेलर रिलीज हुआ है. इस ट्रेलर में मिकी कॉन्ट्रैक्टर, पंकज त्रिपाठी, अली फजल, नीतू कपूर, भावना पांडे, महीप कपूर और कई अन्य हस्तियां नजर आईं. हालांकि, इसमें मीरा राजपूत और कृति सेनन की मौजूदगी ने सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया.
रक्षा बंधन विज्ञापन विवाद
करीना कपूर खान जल्द ही अपने टॉक शो 'व्हाट वुमन वांट' के नए सीजन के साथ वापसी करने वाली हैं. इस बार उनका शो और भी ज्यादा मजेदार होने वाला है, जिसकी एक झलक शो के ट्रेलर में देखने को मिली. ट्रेलर में पहली बार शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत करीना कपूर के साथ कैमरे पर बात करती दिखाई देंगी. वहीं, कृति सेनन रक्षा बंधन के विज्ञापन को लेकर हुए विवाद पर खुलकर बात करती हुई नजर आईं. उन्होंने बताया कि वह एक ऐसे विवाद में उलझ गई थीं, जिसकी उन्होंने शायद कभी उम्मीद नहीं की थी. ना ही उन्होंने कभी ये सोचा था कि ये विवाद नेशनल लेवल पर चर्चा का विषय बन जाएगा.
मेरी चोली प्राइम टाइम…
ट्रेलर में कृति सेनन 'व्हाट वुमन वांट' शो पर रक्षा बंधन विज्ञापन विवाद के बारे में बात करते हुए करीना कपूर से कहती हैं, 'मुझे तो विश्वास ही नहीं हो रहा था कि मेरी चोली नेशनल टीवी की प्राइम टाइम न्यूज पर 6 लोगों के पैनल डिस्कशन का विषय बन गई है.' कृति की इस बात पर करीना तुरंत सहमति जताते हुए कहती हैं, 'मुझे पता है.'
करीना कपूर और मीरा राजपूत
वहीं, ट्रेलर में करीना कपूर अपने शो में आईं मीरा राजपूत से कहती नजर आती हैं, 'मुझे लगता है कि हर कोई इसे लेकर एक्साइटेड है.' मालूम हो कि इससे पहले करीना ने 'व्हाट वुमन वांट' के सेट से मीरा के साथ एक तस्वीर शेयर की थी. इसके साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा था, 'आज शो में बेहद प्यारी और मिलनसार मीरा आई थीं.' करीना के इस पोस्ट को मीरा ने भी रीशेयर करते हुए उन्हें शो में बुलाने के लिए थैंक्यू कहा था. ये पोस्ट सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुई थी.