ऋतिक रोशन की फिल्म 'कोई मिल गया' तो आपको याद ही होगी. साल 2003 में आई इस फिल्म में जादू ने बच्चों से लेकर बड़ों तक का दिल जीत लिया था. फिल्म में ऋतिक के नन्हे दोस्त बिट्टू सरदार का किरदार निभाने वाले अनुज पंडित शर्मा अब बड़े हो गए हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी जिंदगी की नई पारी भी शुरू कर दी है. अनुज शादी के बंधन में बंध गए हैं और उनकी वेडिंग फोटोज सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं.
शेरवानी में दूल्हे राजा बने अनुज
अनुज पंडित शर्मा ने अपनी शादी की कई खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किए हैं. इन तस्वीरों में एक्टर शाही अंदाज में दूल्हा बने नजर आ रहे हैं. उन्होंने खूबसूरत शेरवानी पहनी है, जिसमें उनका लुक किसी राजकुमार से कम नहीं लग रहा. वहीं, उनकी दुल्हन भी बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं.
गुरुद्वारे में निभाईं शादी की रस्में
अनुज की शादी की तस्वीरें देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि कपल ने हिंदू और सिख दोनों रीति-रिवाजों से शादी की है. मंडप में जहां दोनों शादी की रस्में निभाते नजर आए, वहीं गुरुद्वारे में माथा टेकते उनकी तस्वीर भी सामने आई है. एक फोटो में अनुज अपनी दुल्हन को प्यार से निहारते दिख रहे हैं, तो दूसरी में दोनों साथ में बेहद खुश नजर आ रहे हैं.
कौन हैं अनुज की दुल्हनिया?
अनुज पंडित शर्मा की दुल्हन का नाम डॉ. प्रभजोत चावला है. एक्टर ने अपनी शादी की तस्वीरों में उन्हें टैग किया है. प्रभजोत की इंस्टाग्राम प्रोफाइल के मुताबिक वो हेल्थ एंड वेलनेस वेबसाइट की फाउंडर हैं. उन्होंने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पति के साथ कई रोमांटिक तस्वीरें शेयर की हैं.
नए जोड़े को मिला फैंस का प्यार
बहरहाल, शादी के बंधन में बंधे इस नए जोड़े को फैंस की तरफ से खूब प्यार मिल रहा है, कपल को फैंस आने वाले जीवन के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना कर रहे हैं.