बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह इन दिनों चर्चा में बने हुए हैं. वह अपनी फिल्म धुरंधर 2 की सफलता को लेकर खबरों में छाए हुए हैं. लेकिन एक ओर जहां उनकी मूवी बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है, वहीं दूसरी ओर रणवीर सिंह कानूनी मुश्किलों में फंसे हुए है. एक्टर पर कांतारा की मिमिक्री करने को लेकर शिकायत दर्ज की गई थी. जिसके बाद अब इस मामले में एक और अपडेट सामने आया है.

कोर्ट में दोनों पक्षों ने रखी अपनी बातें

वहीं, हाल ही में मामले को लेकर हुई सुनवाई के दौरान रणवीर सिंह की ओर से पेश हुए सीनियर वकील साजन पूवैया ने जज एम. नागप्रसन्ना को सूचित किया कि माफीनामा पहले ही दाखिल किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि एक्टर ने हलफनामे में यह भी कहा है कि वह संबंधित मंदिर में जाकर भी प्रार्थना करेंगे. हालांकि शिकायतकर्ता के वकील ने तर्क दिया कि हलफनामे में स्पष्टता की कमी थी और उसमें पश्चाताप नहीं दिख रहा था. वकील ने बताया कि हलफनामे में उनके इंटेशन ठीक से पता नहीं चल रहे हैं. जिसके बाद शिकायतकर्ता ने ज्यादा स्पष्टता से माफी की मांग की है.

---विज्ञापन---

रणवीर सिंह को फिर मांगनी होगी माफी

इसके बाद पूवैया ने हलफनामे में उन चीजों का हवाला दिया, जिनमें सिंह ने कहा था कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनके मिमिक्री करने से लोगों को ठेस पहुंचेगी और उन्होंने इस पूरी घटना पर अफसोस जताया था. उन्होंने यह भी बताया कि सिंह ने बिना किसी शर्त के पब्लिकली माफी मांग ली थी. लेकिन फिर भी शिकायतकर्ता के वकील ने और बेहतर ढंग से हलफनामा पेश करने पर जोर दिया है. जिसके जवाब में रणवीर के वकील ने अदालत को भरोसा दिलाया कि वे शिकायतकर्ता के साथ मिलकर एक संशोधन हलफनामा तैयार करेंगे जिसमें उनकी चिंताओं का समाधान किया जाएगा.

---विज्ञापन---

23 अप्रैल को फिर होगी मामले की सुनवाई

वहीं, दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने मामले को 23 अप्रैल तक के लिए पोस्टपोन कर दिया है और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के लिए संशोधन हलफनामा दाखिल करने का आदेश दिया है.

जानें क्या है पूरा विवाद

बता दें कि पिछले साल गोवा में आयोजित 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के दौरान रणवीर सिंह ने स्टेज पर ऋषभ शेट्टी की मौजूदगी में उनकी फिल्म कांतारा के एक सीन की नकल उतारी थी. एक्टर ने फिल्म में एक देवी को 'महिला भूत' कहकर मिमिक्री की थी. उनके इस कमेंट से सोशल मीडिया पर जमकर ड्रामा हुआ. जिसके बाद एक्टर के खिलाफ FIR की गई थी. इसको लेकर काफी विवाद हुआ था. हालांकि एक्टर ने बाद में इसको लेकर माफी भी मांगी थी. लेकिन बाद में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई.

एक्टर के खिलाफ विवाद के बाद, एक वकील द्वारा दायर शिकायत के आधार पर धारा 196, 299 और 302 के तहत एफआईआर दर्ज की गई. जिसके बाद दर्ज हुई FIR को रद्द करने को लेकर याचिका दायर की गई थी, जिसका अभी कोर्ट में केस चल रहा है और हाल ही में कोर्ट की ओर से नया आदेश जारी किया गया है.

यह भी पढ़ें- प्रभास की ‘स्पिरिट’ ही नहीं, इन फिल्मों और शोज के सेट पर भी हो चुका है हादसा, एक सीरियल पर आग लगने से गई थी 52 लोगों की जान