Kamakhya Narayan Singh On Swara Bhasker: बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर (Swara Bhasker) अपने बयानों को लेकर अक्सर विवादों में घिरी रहती हैं. हाल ही में 2019 के अयोध्या राम जन्मभूमि फैसले को लेकर दिए उनके एक बयान पर बवाल मच गया है. स्वरा ने खुलासा किया कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले से दुखी होकर उन्होंने आमिर खान और सलमान खान समेत अपने फोनबुक के सभी मुस्लिम कॉन्टेक्ट्स से मैसेज करके माफी मांगी थी. उनके इस बयान पर 'द केरला स्टोरी 2' फेम नेशनल अवॉर्ड विनिंग डायरेक्टर कामाख्या नारायण सिंह (Kamakhya Narayan Singh) ने उन्हें टैग करते हुए करारा जवाब दिया है.

डायरेक्टर कामाख्या नारायण सिंह का रिएक्शन

स्वरा के बयान पर तंज कसते हुए दो बार के नेशनल अवॉर्ड विनिंग डायरेक्टर कामाख्या नारायण सिंह ने लिखा, "श्री राम जन्मभूमि का फैसला भारत और पूरे हिंदू समाज के लिए एक ऐतिहासिक पल था. हम जल्द ही इस महत्वपूर्ण अध्याय पर आधारित एक फिल्म लेकर आ रहे हैं. हम आपको इसके प्रीमियर में इन्वाइट करेंगे, जरूर आइएगा. आपको इतिहास का पाठ पढ़ाएंगे."

---विज्ञापन---

अयोध्या फैसले पर दुखी थीं स्वरा

एक इंटरव्यू में स्वरा ने अपनी और पति फहाद अहमद की लव स्टोरी पर बात करते हुए बताया कि 2019 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले से वे बहुत दुखी और परेशान थीं. उन्हें लगा कि यह फैसला बहुत गलत और अन्यायपूर्ण था, जिसके बाद उन्होंने अफसोस जताते हुए अपने मुस्लिम दोस्तों को मैसेज भेजे थे.

आमिर-सलमान और फहाद को भेजा था मैसेज

स्वरा ने बताया कि एक हिंदू होने के नाते वे शर्मिंदा महसूस कर रही थीं. इसलिए उन्होंने आमिर खान, और सलमान खान से लेकर अपने पति फहाद अहमद तक, अपनी फोनबुक के सभी मुस्लिम कॉन्टेक्ट्स को मैसेज कर माफी मांगी थी. हालांकि, कुछ लोगों ने उनसे कहा कि सब ठीक है और ऐसे मैसेजेस की जरूरत नहीं है.

---विज्ञापन---

2019 में आया था ऐतिहासिक फैसला

नवंबर 2019 में सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए विवादित 2.77 एकड़ जमीन राम मंदिर निर्माण के लिए ट्रस्ट को दी थी. इसके साथ ही मुस्लिम पक्ष को मस्जिद के लिए अयोध्या में ही 5 एकड़ वैकल्पिक जमीन देने का निर्देश दिया गया था.

कौन हैं कामाख्या नारायण सिंह?

बता दें कि कामाख्या नारायण सिंह 'भोर' (Bhor) और 'द केरला स्टोरी 2' जैसी बहुचर्चित फिल्मों के डायरेक्टर हैं. वह 'श्री राम भूमि' का भी डायरेक्शन कर रहे हैं. दो बार नेशनल अवॉर्ड जीत चुके इस फिल्ममेकर के इस ट्वीट ने अब सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है.

---विज्ञापन---