Janhvi Kapoor Video: कपूर परिवार में इन दिनों जश्न का माहौल है. अंशुला कपूर की शादी के बाद हुई कॉकटेल पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रही हैं जाह्नवी कपूर, जिन्होंने अपने देसी अंदाज और जबरदस्त एनर्जी से पूरी महफिल लूट ली. फैंस भी उनके इस अंदाज की खूब तारीफ कर रहे हैं.
जाह्नवी कपूर का वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में जाह्नवी कपूर ब्लू रंग के खूबसूरत सूट में नजर आ रही हैं. शुरुआत में वह ढोल की थाप पर डांस करती दिखती हैं, लेकिन कुछ ही देर बाद वह खुद कंधे पर ढोल टांग लेती हैं और पूरे जोश के साथ उसे बजाने लगती हैं. उनकी एनर्जी देखकर वहां मौजूद मेहमान भी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए. जाह्नवी का यह बेफिक्र अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है.
यूजर्स के रिएक्शन्स की आई बाढ़
इस खास मौके पर जाह्नवी के करीबी दोस्त ओरी भी मस्ती के रंग में डूबे नजर आए. ढोल की बीट्स पर उन्होंने भी जमकर डांस किया. दोनों की शानदार केमिस्ट्री और मस्ती ने कॉकटेल पार्टी का माहौल और भी शानदार बना दिया. वीडियो देखने के बाद फैंस कमेंट कर रहे हैं कि जहां जाह्नवी होती हैं, वहां पार्टी अपने आप यादगार बन जाती है.
ढोल बजाती नजर आईं एक्ट्रेस
दिलचस्प बात यह रही कि जाह्नवी का उत्साह देखकर ढोल बजाने वाला कलाकार भी हैरान रह गया. पार्टी के बाद एक्ट्रेस ने उससे मुलाकात की, साथ में तस्वीरें भी खिंचवाईं. बाद में ढोल बजाने वाले ने इन तस्वीरों को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया. इन तस्वीरों में खुशी कपूर भी मुस्कुराते हुए नजर आईं.
अंशुला की शादी में मचाई धूम
बता दें कि अंशुला कपूर ने अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर के साथ मुंबई के ताज लैंड्स एंड होटल में शाही अंदाज में शादी की. शादी में कपूर परिवार के अलावा कई करीबी दोस्त और फिल्मी दुनिया से जुड़े मेहमान शामिल हुए. शादी के बाद हुई कॉकटेल पार्टी में संगीत, डांस और जश्न का शानदार माहौल देखने को मिला.
अंशुला और जाह्नवी के बीच दिखी खास बॉन्डिंग
अंशुला और जाह्नवी का रिश्ता हमेशा चर्चा में रहता है. दोनों भले ही सौतेली बहनें हों, लेकिन उनके बीच का प्यार सगी बहनों जैसा ही है. अंशुला पहले भी बता चुकी हैं कि उनकी शादी की तैयारियों में जाह्नवी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था. अब वायरल हो रहे इस वीडियो ने एक बार फिर दोनों बहनों की मजबूत बॉन्डिंग और कपूर परिवार के जश्न की झलक फैंस के सामने ला दी है.