Kavya Maran And Anirudh Ravichander Wedding Confirm: IPL में सनराइजर्स हैदराबाद को चीयर करते हुए अपनी खूबसूरती और अंदाज से सुर्खियां बटोरने वाली काव्या मारन एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह क्रिकेट नहीं, बल्कि उनकी पर्सनल लाइफ है. खबरें हैं कि सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी काव्या मारन जल्द ही मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर के साथ शादी के बंधन में बंधने वाली हैं. इतना ही नहीं, उनके वेडिंग रिसेप्शन की तारीख भी सामने आ गई है. इस खबर के बाद दोनों के फैंस के बीच हलचल तेज हो गई है.
कब होगा वेडिंग रिसेप्शन?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर के वेडिंग रिसेप्शन का आयोजन 21 नवंबर को चेन्नई में किया जाएगा. हालांकि, दोनों की शादी की जानकारी अभी सामने नहीं आई है. इंटरनेट पर चल रही खबरों में दावा किया जा रहा है कि यह जोड़ा 11 नवंबर को ग्रीस में सात फेरे ले सकता है. हालांकि, शादी की जगह और तारीख से जुड़ी इन खबरों पर अभी आधिकारिक मुहर लगना बाकी है.
तेलंगाना के CM को दिया न्योता
काव्या मारन की शादी की खबरों के बीच एक और अपडेट सामने आया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, 16 अक्टूबर को उनके माता-पिता कलानिधि मारन और कावेरी मारन ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मुलाकात की. यह मुलाकात हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित आवास पर हुई. बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों ने मुख्यमंत्री को अपनी बेटी के वेडिंग रिसेप्शन में शामिल होने का न्योता दिया. हालांकि, शादी में कौन-कौन से सितारे शामिल होंगे, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.
कौन हैं काव्या मारन?
काव्या मारन सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन और कावेरी मारन की बेटी हैं. वह आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ी हुई हैं. आईपीएल मैचों के दौरान स्टेडियम में उनकी मौजूदगी और टीम के लिए उनके रिएक्शन अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं. यही वजह है कि क्रिकेट फैंस के बीच उनकी जबरदस्त पॉपुलैरिटी है. अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखने वाली काव्या की शादी की खबर ने अब लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है.
सुपरहिट गानों के लिए मशहूर हैं अनिरुद्ध
वहीं, अनिरुद्ध रविचंदर साउथ फिल्म इंडस्ट्री के पॉपुलर म्यूजिक कंपोजर हैं. साल 2012 में फिल्म '3' के गाने 'व्हाई दिस कोलावेरी डी' से उन्हें दुनियाभर में पहचान मिली थी. इसके बाद उन्होंने 'कथी', 'मास्टर', 'जवान' और 'कूली' जैसी फिल्मों के लिए शानदार म्यूजिक दिया. उनके गाने युवाओं के बीच काफी पसंद किए जाते हैं. फिलहाल, अब काव्या और अनिरुद्ध की शादी की खबरों ने फैंस का ध्यान खींच लिया है. हालांकि, दोनों की तरफ से शादी को लेकर ऑफीशियल बयान आने का इंतजार है.