E24 Exclusive: दिल्ली के 'भारत मंडपम' में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (IFFD) का आयोजन किया गया था, जो कि सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया है. इस फिल्म फेस्टिवल में कई बड़ी-बड़ी हस्तियों ने शिरकत की. इस दौरान एक्ट्रेस कंगना रनौत भी IFFD 2026 में शामिल हुईं और उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को लेकर मुंबई की जमीनी हकीकत के बारे में चर्चा की. उनके एक बयान के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या बॉलीवुड का अगला ठिकाना मुंबई नहीं, बल्कि दिल्ली और नोएडा होने वाला है. दरअसल एक्ट्रेस ने E24 Bollywood से खास बातचीत में मुंबई फिल्म इंडस्ट्री की जमीनी हकीकत बयां की. साथ ही उन्होंने इस ओर भी इशारा किया कि फिल्म इंडस्ट्री का नया केन्द्र दिल्ली-नोएडा हो सकता है. आइए जानते हैं IFFD में E24 से बातचीत के दौरान कंगना ने क्या खुलासा किया…

मुंबई में फ्लोर और स्टूडियो की भारी कमी

कंगना से जब पूछा गया कि जिस तरह से दिल्ली में IFFD का आयोजन हो रहा है और उत्तर प्रदेश के नोएडा में फिल्म सिटी का काम लगातार चालू है तो क्या अब चीजें मुंबई से दिल्ली-नोएडा ट्रांसफर होना शुरू हो जाएंगी, तो इसको लेकर उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि मुंबई में फिल्म शूट करना अब पहले जैसा आसान नहीं रहा. वहां स्टूडियो और फ्लोर के लिए मारामारी मची रहती है. फिल्म मेकर्स को जगह पाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है, जिससे प्रोजेक्ट्स की टाइमिंग पर बुरा असर पड़ता है.

---विज्ञापन---

शूटिंग का भारी-भरकम खर्च

कंगना ने एक चौंकाने वाला आंकड़ा साझा करते हुए कहा कि मुंबई में शूटिंग के लिए एक फ्लोर का एक दिन का किराया ही 10 से 15 लाख रुपये या उससे भी ऊपर पहुंच जाता है. इतने महंगे रेट्स की वजह से छोटे और मध्यम बजट की फिल्मों को बनाना बहुत मुश्किल होता जा रहा है.

---विज्ञापन---

दिल्ली-नोएडा है बेहतर विकल्प

अभिनेत्री का मानना है कि दिल्ली और नोएडा में फिल्म सिटी के आने से कलाकारों और प्रोड्यूसर्स को काफी सुविधा मिलेगी. यहां न केवल जगह की उपलब्धता होगी, बल्कि इंफ्रास्ट्रक्चर भी आधुनिक होगा, जिससे फिल्म मेकिंग की लागत कम हो सकती है.

मोदी सरकार के विजन की तारीफ

कंगना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के '360 डिग्री डेवलपमेंट' के विजन की सराहना की. उन्होंने कहा कि जिस तरह से हर क्षेत्र का विकास हो रहा है, उसे देखते हुए फिल्म इंडस्ट्री का विस्तार होना वक्त की मांग है. वहीं इस तरह के इवेंट्स से लग रहा है कि अब समय आ गया है कि मनोरंजन की दुनिया सिर्फ एक शहर तक सीमित न रहे.

25 से 31 मार्च तक चला फिल्म फेस्टिवल

'भारत मंडपम' में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (IFFD) का आयोजन 25 से 31 मार्च तक किया गया. इस फिल्म फेस्टिवल में कई दिग्गज अभिनेताओं-निर्माताओं ने अपने-अपने सेशन की कंडक्ट किए, जिसमें उन्होंने फिल्म की बारीकियों के बारे में बताया.