Hanuman Ansh OTT Deal Rumours: बॉक्स ऑफिस पर अपनी भक्ति और आस्था का परचम लहरा रही फिल्म 'हनुमान अंश' (Hanuman Ansh) इन दिनों डिजिटल वर्ल्ड में भी जबरदस्त सुर्खियों में है. नीम करौरी बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर बनी इस फिल्म ने सिनेमाघरों में कमाई के झंडे गाड़ दिए हैं. हाल ही में खबर उड़ी थी कि इस ब्लॉकबस्टर फिल्म को 100 करोड़ रुपये की बंपर ओटीटी (OTT) डील मिली है. लेकिन अब फिल्म की प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने इन खबरों का सच बताकर सबको चौंका दिया है. आइए जानते हैं 100 करोड़ की ओटीटी डील का पूरा सच…

100 करोड़ की डील महज अफवाह

फिल्म की निर्माता रागिनी सोना ने एनडीटीवी संग इंटरव्यू में 100 करोड़ की ओटीटी डील का सच उजागर किया. उन्होंने कहा, "यह सब महज अफवाहें हैं, कृपया इन पर भरोसा न करें. हमें अभी तक किसी भी प्लेटफॉर्म से कोई इतना बड़ा ऑफर नहीं मिला है और न ही हम अभी किसी ऐसी डील की तलाश में हैं."

---विज्ञापन---

थिएटर्स पर है मेकर्स का फोकस

रागिनी सोना ने आगे बताया कि टीम का पूरा ध्यान इस वक्त सिनेमाघरों में दर्शकों के रिस्पॉन्स पर है. उन्होंने कहा, "हमारे लिए यह मायने रखता है कि कितने लोग थिएटर जाकर फिल्म देख रहे हैं. दर्शक खुद फिल्म को प्रमोट कर रहे हैं, यह किसी चमत्कार से कम नहीं है. ओटीटी रिलीज पर फैसला टीम सही वक्त आने पर मिलकर लेगी."

173 करोड़ की बंपर कमाई

विशाल चतुर्वेदी के डायरेक्शन में बनी इस लो-बजट भक्ति फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कई बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं. 7 अगस्त को रिलीज हुई यह फिल्म अब तक 173.63 करोड़ रुपये का तूफानी कारोबार कर चुकी है, जिससे बॉलीवुड के बड़े-बड़े ट्रेड एनालिस्ट्स भी हैरान हैं.

---विज्ञापन---

जब ओटीटी प्लेटफॉर्म ने किया था रिजेक्ट

डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि फिल्म बनाने से पहले जब वे इसकी कहानी लेकर एक बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म के पास गए थे, तो उन्हें रिजेक्ट कर दिया गया था. मेकर्स से कहा गया था कि क्या उनके पास कोई ग्लोबल प्रासंगिकता वाली कहानी है. इस वाकये के बाद ही विशाल ने नीम करौरी बाबा की कहानी को हर हाल में बड़े पर्दे पर लाने की कसम खाई थी.

कब होगी ओटीटी पर रिलीज?

निर्माताओं ने साफ कर दिया है कि अभी तक फिल्म का कोई डिजिटल पार्टनर फाइनल नहीं हुआ है. फैंस को 'हनुमान अंश' के ओटीटी डेब्यू के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा. मेकर्स का कहना है कि लोग फिलहाल इस जादुई फिल्म का एक्सपीरियंस थिएटर्स में जाकर ही लें.

---विज्ञापन---