Hanuman Ansh: नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी कम बजट की फिल्म 'हनुमान अंश' (Hanuman Ansh) इन दिनों सिनेमाघरों में जबर्दस्त धमाल मचा रही है. बॉक्स ऑफिस पर चौंकाने वाली कमाई करने के साथ ही यह फिल्म सोशल मीडिया पर भी एक भावुक कर देने वाले वीडियो के कारण चर्चा में है. थिएटर से वायरल हुए एक वीडियो में एक मुस्लिम बुजुर्ग व्यक्ति चप्पल उतारकर पूरी श्रद्धा के साथ फिल्म देखते नजर आ रहे हैं. इस दृश्य ने लोगों का दिल जीत लिया है.
चप्पल उतारकर देखी पूरी फिल्म
सोशल मीडिया पर 'हनुमान अंश' के एक शो के दौरान का वीडियो जमकर देखा जा रहा है. इसमें रहीम नाम के एक बुजुर्ग मुस्लिम व्यक्ति सिनेमाघर के अंदर अपनी चप्पलें उतारकर बड़े ही ध्यान और आदर के साथ फिल्म देखते हुए नजर आ रहे हैं. स्क्रीन पर चल रही नीम करोली बाबा (Neem Karoli Baba) की कहानी को इस तरह श्रद्धा से देखने का यह अंदाज दर्शकों के दिलों को छू गया है.
'बिना राजनीति का भारत'
इस वायरल वीडियो पर इंटरनेट यूजर्स लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. लोग बुजुर्ग की आस्था और सम्मान की तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स ने लिखा कि यह दृश्य बिना किसी राजनीति के असली भारत की खूबसूरत तस्वीर पेश करता है. एक यूजर ने कमेंट किया कि आज के दौर में ऐसी आपसी सद्भाव और सच्चाई की मिसाल देखना वाकई में अद्भुत और अद्वितीय है.
धीमी शुरुआत के बाद बड़ा चमत्कार
यह फिल्म बिना किसी बड़े प्रमोशन या भारी-भरकम मार्केटिंग के 7 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. ओपनिंग डे पर फिल्म ने महज 10 लाख रुपये का मामूली बिजनेस किया था. शुरुआती दो हफ्तों तक फिल्म का कुल कलेक्शन सिर्फ 1.48 करोड़ रुपये ही हो सका था, जिससे लगा था कि फिल्म थिएटर से उतर जाएगी.
बॉक्स ऑफिस पर शानदार वापसी
तीसरे हफ्ते में वर्ड-ऑफ-माउथ और दर्शकों के सकारात्मक रिस्पॉन्स की वजह से फिल्म के बिजनेस में अचानक उछाल आया. इस छोटे बजट की बायोपिक ने सभी अनुमानों को गलत साबित करते हुए महज 27 दिनों के अंदर 61 करोड़ रुपये से ज्यादा की रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर ली है.
मेकर्स ने किया सीक्वल का ऐलान
दर्शकों से मिल रहे बेपनाह प्यार और ऐतिहासिक कमाई को देखते हुए फिल्म के निर्माताओं ने इसके अगले पार्ट यानी सीक्वल की आधिकारिक घोषणा कर दी है. नीम करोली बाबा के जीवन और उनके चमत्कारों पर आधारित यह फिल्म आज हर वर्ग के दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है.