Hanuman Ansh: फिल्म 'हनुमान अंश' का भजन 'जब जिद पर आ गई पार्वती' इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब धूम मचा रहा है. जिसमें सप्तऋषि माता पार्वती को समझाने की कोशिश कर रहे हैं, कि वो भगवान शिव से शादी करने का विचार छोड़ दें. साधु तिवारी की आवाज में गाए गए इस भजन पर अब तक लाखों रील्स बन चुकी हैं. इस बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. वजह है इस वायरल वीडियो में सुनाई दे रही एक महिला की आवाज और उनका माता पार्वती की ओर से सप्तऋषियों को दिया गया अनोखा जवाब.
किसने दिया सप्तऋषियों को जवाब?
वीडियो इंस्टाग्राम पर शोमिका गुप्ता नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. जिसमें 'जब जिद पर आ गई पार्वती' के अंदाज में ही उन्होंने अपनी पंक्तियां गाकर ऐसा जवाब दिया कि सोशल मीडिया यूजर्स उनकी आवाज और अंदाज के कायल हो गए, और उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. 3 दिन में वीडियो को 13 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं.
सप्तऋषियों से क्या बोलीं माता पार्वती?
शोमिका वीडियो में माता पार्वती की ओर से गाती हैं….
'बस शिव को चाहती पार्वती, पार्वती, पार्वती…
समझाएंगे क्या सप्तऋषि…
तप मैं कर रही, त्याग मैं कर रही, करती रहूंगी…
चाहे उनके प्रेम को पाने में ऐसे ही मुझको लेना हो वैराग…
जिनके प्रीत में रमते देव और दानव एक समान…
लोगों को गीत ने किया दीवाना
उनके गीत ने लोगों का दिल जीत लिया खासकर उनके गाने की आखिरी लाइन ने लोगों का खूब ध्यान खींचा. यही वजह है कि कमेंट सेक्शन में लोग उनकी आवाज और शब्दों की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि गाने में सबकुछ अच्छा था, लेकिन आखिरी लाइन ने दिल जीत लिया. वहीं एक अन्य यूजर ने सलाह दी कि शोमिका को किसी म्यूजिक प्रोड्यूसर से संपर्क करके इसे जल्द रिकॉर्ड करवाना चाहिए. एक और यूजर ने उनकी आवाज की तारीफ करते हुए कहा कि उसमें इतनी गहराई और भावना है कि ऐसा लगता है जैसे मां पार्वती खुद गा रही हों.
बॉक्स ऑफिस पर छाई 'हनुमान अंश'
'हनुमान अंश' को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. नीम करौली बाबा पर बनी इस फिल्म का बजट करीब 2 करोड़ रुपये बताया गया है, जबकि फिल्म ने अब तक 5.58 करोड़ रुपये की नेट कमाई की है. इसका भारत में फिल्म का टोटल ग्रॉस कलेक्शन 211.74 करोड़ रुपये और टोटल नेट कलेक्शन 179.21 करोड़ हो गया है. बहरहाल, फिल्म में माता पार्वती को समझाने की कोशिश की गई लेकिन अब जब माता पार्वती का ये खूबसूरत जवाब सामने आया है, तो लोग खूब प्यार बरसा रहे हैं.