Hanuman Ansh: जिस फिल्म को रिलीज के वक्त फ्लॉप माना जा रहा था, आज वही बॉक्स ऑफिस पर ऐसा कमाल कर रही है कि हर कोई हैरान है. फिल्म 'हनुमान अंश' की कमाई लगातार जारी है और अब ये 300 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने से बस कुछ कदम दूर है. फिल्म की इस कामयाबी से मेकर्स बेहद खुश हैं. इसी खुशी के बीच फिल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर कैंची धाम पहुंचीं और बाबा नीम करोली का आशीर्वाद लिया.
40वें दिन भी जारी है कमाई
'हनुमान अंश' को रिलीज के शुरुआती दिनों में खास रिस्पॉन्स नहीं मिला था. उस वक्त फिल्म को लेकर कई तरह की भविष्यवाणियां की गईं और इसे फ्लॉप तक माना गया, लेकिन समय के साथ फिल्म की चर्चा सोशल मीडिया पर बढ़ने लगी और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में भी तेजी देखने को मिली.
300 करोड़ी क्लब में शामिल होने को तैयार
फिल्म ने 40वें दिन तक वर्ल्डवाइड करीब 291 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. वहीं भारत में इसकी ग्रॉस कमाई करीब 272 करोड़ रुपये बताई जा रही है. अब फिल्म की नजर 300 करोड़ के आंकड़े पर है. खास बात ये है कि करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का इतना बड़ा कलेक्शन अपने आप में चर्चा का विषय बन गया है.
कैंची धाम पहुंचीं प्रोड्यूसर अनुप्रिया
फिल्म की सफलता के बीच इसकी निर्माताओं में से एक अनुप्रिया नागर कैंची धाम पहुंचीं. उन्होंने मंदिर परिसर से अपनी एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की, जिसमें वह हाथ जोड़कर मुस्कुराती नजर आईं. फोटो के साथ अनुप्रिया ने लिखा, 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई. जय महाराज जी. जय हनुमान.' उनके इस पोस्ट से साफ है कि वह फिल्म की सफलता को भगवान हनुमान और बाबा नीम करोली के आशीर्वाद से जोड़कर देख रही हैं.
अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा लगाया
अनुप्रिया नागर महज 21 साल की युवा फिल्म प्रोड्यूसर हैं. मुंबई में जन्मीं अनुप्रिया ने ब्रिटेन में पढ़ाई की है. वह इकोनॉमिस्ट, आर्टिस्ट और फिल्म प्रोड्यूसर के तौर पर काम करती हैं. बताया जाता है कि 'हनुमान अंश' के निर्माण में उन्होंने अपनी यूके की कमाई का बड़ा हिस्सा लगाया था.
फिल्म का हिस्सा बनकर अनुप्रया खुश
फिल्म से जुड़ने से पहले वह संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने भी गई थीं. एक इंटरव्यू में अनुप्रिया ने बताया था कि नीम करोली बाबा की भक्ति से प्रेरित होकर उन्होंने इस फिल्म का हिस्सा बनने का फैसला किया था. ऐसे में फिल्म की सफलता को वह किसी जादू से कम नहीं मानतीं.
तीन पार्ट में बनेगी फिल्म
'हनुमान अंश' को विशाल चतुर्वेदी ने लिखा और डायरेक्ट किया है. फिल्म में चंदन आनंद और शोभिनव सत्य लीड किरदारों में हैं. खास बात यह है कि फिल्म की कहानी तीन हिस्सों में दिखाई जाएगी. पहले पार्ट की जबरदस्त सफलता के बाद अब दर्शकों को इसके दूसरे पार्ट का बेसब्र से इंतजार है.