टीवी के 'राम' गुरमीत चौधरी इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'तुम मेरे हो' को लेकर चर्चा में हैं. फिल्म की रिलीज से पहले अभिनेता ने बिहार के लोगों से खास अपील की, लेकिन उनका यह दांव सोशल मीडिया पर उल्टा पड़ता नजर आ रहा है. गुरमीत ने बिहार की जनता से अपनी फिल्म को सपोर्ट करने की गुहार लगाई, तो कुछ यूजर्स ने उन्हें जमकर खरी-खोटी सुना दी. लोगों ने सवाल किया कि जब बिहार में बाढ़ जैसी परेशानियां आई थीं, तब अभिनेता कहां थे?
बिहार के लोगों से गुरमीत ने मांगा समर्थन
गुरमीत चौधरी ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर बिहार के लोगों से अपनी फिल्म को प्यार देने की अपील की. अभिनेता ने कहा कि उन्हें बिहारी होने पर गर्व है. उन्होंने इस फिल्म को बनाने में काफी मेहनत की है और अपनी कमाई भी लगाई है. गुरमीत के मुताबिक, कुछ लोग उन्हें नीचे गिराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बिहार के लोग उनकी ताकत हैं.
यूजर्स ने उठाए सवाल
गुरमीत के वीडियो पर कुछ यूजर्स ने नाराजगी जताते हुए पूछा कि आखिर फिल्म रिलीज के समय ही बिहार की याद क्यों आई. एक यूजर ने टिप्पणी की कि बिहार में बाढ़ आई थी और यहां के लोगों को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा था, तब अभिनेता की आवाज सुनाई नहीं दी. यूजर ने उनकी अपील को फिल्म के प्रचार से जोड़कर सवाल उठाए.
गुरमीत की सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग
वहीं, एक दूसरे यूजर ने गुरमीत की बिहारी पहचान पर तंज कसते हुए लिखा कि अब तो बेटा बंगाली हो गया, जबकि बहू बिहारी नहीं हो पाई. कुछ अन्य यूजर्स ने भी कहा कि फिल्म का प्रचार करना होता है, तभी बिहार याद आता है. इस तरह फिल्म को समर्थन देने की अभिनेता की अपील सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग की वजह बन गई.
23 अक्टूबर को रिलीज हो रही है 'तुम मेरे हो'
गुरमीत चौधरी की फिल्म 'तुम मेरे हो' 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इस फिल्म में उनके साथ ईशा मालवीय नजर आएंगी, जो इसके जरिए बॉलीवुड में कदम रख रही हैं. फिल्म का निर्देशन आशीष पांडा ने किया है. कहानी में रोमांस, दिल टूटने का दर्द और एक्शन देखने को मिलेगा.
गुरमीत की अपील, बॉक्स ऑफिस पर रिस्पॉन्स
खास बात यह है कि गुरमीत इस फिल्म में अभिनय करने के साथ निर्माता की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं. ऐसे में फिल्म उनके लिए काफी अहम है. अब देखना होगा कि सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग के बीच बिहार के दर्शक उनकी अपील पर कितना ध्यान देते हैं और फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर कैसा रिस्पॉन्स मिलता है.