बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. बुधवार सुबह सुनीता आहूजा अपने बेटे यशवर्धन आहूजा के साथ फैमिली कोर्ट पहुंचीं. इसके बाद एक बार फिर दोनों के तलाक की खबरों ने जोर पकड़ लिया है. सुनीता और यशवर्धन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

बेटे के साथ कोर्ट पहुंचीं सुनीता

वायरल वीडियो में सुनीता आहूजा फैमिली कोर्ट से बाहर निकलती नजर आ रही हैं. उनके साथ बेटा यशवर्धन भी मौजूद था. आमतौर पर पैपराजी से खुलकर बात करने वाली सुनीता इस दौरान काफी गंभीर और शांत नजर आईं. उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की. वहीं, यशवर्धन पैपराजी से तस्वीरें न लेने की अपील करते दिखाई दिए.

---विज्ञापन---

मां के साथ खड़ा दिखा बेटा

गाड़ी में बैठते वक्त सुनीता ने तंज भरे अंदाज में कहा, 'बर्थडे मनाने आए थे.' हालांकि, उन्होंने कोर्ट जाने की वजह साफ तौर पर नहीं बताई है.

पहले भी सामने आ चुकी हैं तलाक की खबरें

गोविंदा और सुनीता के रिश्ते में अनबन की खबरें नई नहीं हैं. 2024 में दोनों के तलाक की अटकलों ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं. बाद में सामने आए अदालती दस्तावेजों के मुताबिक, सुनीता ने कथित तौर पर 5 दिसंबर 2024 को मुंबई के बांद्रा फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी.

---विज्ञापन---

वकील ने दोनों के रिश्ते पर कही थी ये बात

फरवरी 2025 में गोविंदा के वकील और फैमिली फ्रेंड ललित बिंदल ने भी अर्जी दाखिल किए जाने की बात स्वीकार की थी, लेकिन उन्होंने कहा था कि दोनों साथ हैं और उनका रिश्ता खत्म नहीं हो रहा है. बाद में सुनीता ने भी कहा था कि वह गोविंदा को कभी नहीं छोड़ेंगी, उन्होंने अलग घर में रहने की वजह गोविंदा का राजनीतिक काम और परिवार की प्राइवेसी बताई थी.

अफेयर की खबरों पर भी मचा था बवाल

हाल के दिनों में गोविंदा का नाम एक्ट्रेस रानी स्वर्णकार के साथ जोड़ा जा रहा है. दोनों के एयरपोर्ट से कुछ वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके अफेयर की चर्चा तेज हो गई. हालांकि, गोविंदा और रानी ने अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक रूप से किसी तरह भी अलग होने की बात नहीं कही है.

---विज्ञापन---

गोविंदा ने जताई थी नाराजगी

हालांकि, कुछ वक्त पहले ही सुनीता के सार्वजनिक रूप से तीखे बोल बोलने के मामले पर गोविंदा का सब्र का बांध टूटा और उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सुनीता के बयानों पर नाराजगी जताई थी.

कब हुई थी दोनों की शादी?

गोविंदा और सुनीता आहूजा ने 1987 में शादी की थी. दोनों ने करीब दो साल तक अपनी शादी को लोगों से छिपाकर रखा था. बाद में बेटी टीना आहूजा के जन्म के बाद उन्होंने अपनी शादी को सार्वजनिक किया. दोनों के दो बच्चे हैं. बेटी टीना और बेटा यशवर्धन.

---विज्ञापन---

क्या टूट जाएगा दोनों का रिश्ता?

बहरहाल, अब सुनीता के फैमिली कोर्ट पहुंचने के बाद एक बार फिर सवाल उठ रहा है कि क्या गोविंदा और सुनीता का करीब चार दशक पुराना रिश्ता सच में टूटने की कगार पर है? हालांकि, अभी तक दोनों की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.