Govinda: बॉलीवुड के 'हीरो नंबर वन' गोविंदा इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. पत्नी सुनीता आहूजा के साथ उनके रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं. इसी बीच गोविंदा का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी को-स्टार कोमल रानी के साथ मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के दरबार में नजर आ रहे हैं.
बप्पा के दर्शन करने पहुंचे गोविंदा संग दिखीं कोमल
मंगलवार शाम गोविंदा गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने लालबागचा राजा के पंडाल में पहुंचे. खास बात यह रही कि इस दौरान उनके साथ पत्नी सुनीता या उनके बच्चे नजर नहीं आए. गोविंदा अपनी टीम और एक्ट्रेस कोमल रानी के साथ पंडाल में पहुंचे. दोनों ने बप्पा के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की. इस दौरान पंडित ने दोनों के माथे पर तिलक भी लगाया.
गोविंदा ने फैंस का अभिवादन किया स्वीकार
पंडाल से बाहर निकलते समय गोविंदा काफी खुश नजर आए. उन्होंने वहां मौजूद फैंस की तरफ हाथ हिलाकर अभिवादन किया और मुस्कुराते हुए नजर आए. गोविंदा और कोमल का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
कौन हैं कोमल रानी?
कोमल रानी का नाम इसी साल गोविंदा के साथ जुड़ने के बाद चर्चा में आया था. दोनों के बीच कथित अफेयर की खबरें भी सामने आई थीं. हालांकि, गोविंदा ने इन खबरों को अफवाह बताया था. एक्टर ने कोमल को अपनी कमबैक फिल्म 'रूपा' से बॉलीवुड में कदम रखने वाली एक्ट्रेस बताया था और कहा था कि वह नए टैलेंट को प्रमोट कर रहे हैं.
सुनीता के बाद गोविंदा का वीडियो वायरल
अभी कुछ दिन पहले ही गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा भी लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंची थीं. वह अकेले बप्पा के दरबार में नजर आई थीं. अब गोविंदा का कोमल रानी के साथ उसी पंडाल में पहुंचना सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच रहा है.
गोविंदा-सुनीता की शादी के हुए 40 साल
गोविंदा और सुनीता की शादी को करीब 40 साल हो चुके हैं. इस साल दोनों के रिश्ते में तनाव और तलाक की खबरों ने खूब सुर्खियां बटोरीं. हालांकि, सुनीता ने बाद में तलाक की याचिका वापस ले ली थी. दूसरी शादी को लेकर भी खबरें सामने आई थीं, लेकिन गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने इन दावों को खारिज किया था. उनका कहना था कि गोविंदा की दूसरी शादी की कोई बात नहीं है और सुनीता ही उनकी पत्नी हैं.
यूजर्स ने दिए रिएक्शन
अब गोविंदा और कोमल रानी का यह वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर दोनों की पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है और फैंस इस पर अपना-अपना रिएक्शन दे रहे हैं, एक यूजर ने लिखा, 'अरे वाह ये तो सिदूर लगाए है' तो दूसरे ने लिखा, 'गोविंदा हीरो नंबर 1.'