बॉलीवुड के हीरो नंबर 1 यानी गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की शादी पिछले काफी समय से चर्चा में है. कभी दोनों के तलाक की खबरें सामने आती हैं, तो कभी सुनीता के बेबाक बयान सुर्खियां बटोर लेते हैं, लेकिन दिवाली के मौके पर इस कपल ने कुछ ऐसा किया, जिसने एक बार फिर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. लंबे समय से अलगाव की अटकलों के बीच गोविंदा और सुनीता अपने दोनों बच्चों के साथ एक इवेंट में पहुंचे. इतना ही नहीं, इस दौरान सुनीता अपने पति का हाथ थामे नजर आईं.

दिवाली पर साथ दिखा गोविंदा का पूरा परिवार

दरअसल, मुंबई में आयोजित एक दिवाली कार्यक्रम में गोविंदा, सुनीता आहूजा और उनके बच्चे टीना व यशवर्धन एक साथ पहुंचे. चारों ने ब्लैक कलर के खूबसूरत पारंपरिक कपड़े पहने हुए थे. इस दौरान परिवार ने कैमरे के सामने जमकर पोज दिए. खास बात यह रही कि सुनीता ने गोविंदा का हाथ थाम रखा था. दोनों को साथ देखकर फैंस भी इस परिवार की खुशियों की दुआ करने लगे.

गोविंदा-सुनीता दिखे साथ

'इस जन्म में हमें कोई अलग नहीं कर सकता'

सुनीता ने हाल ही में पिंकविला को दिए इंटरव्यू में अपनी शादी को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने साफ कहा कि उन्हें आज भी गोविंदा के साथ दोबारा पहले जैसा रिश्ता होने की उम्मीद है. सुनीता के मुताबिक, यह 40 साल पुरानी शादी है और उन्हें भरोसा है कि यह रिश्ता इतनी आसानी से नहीं टूटेगा. उन्होंने कहा, 'इस जन्म में हमें कोई अलग नहीं कर सकता. बाकी सब मैंने भगवान पर छोड़ दिया है.'

गोविंदा के साथ दिवाली मनाने को मिस करती हैं सुनीता

सुनीता ने पुरानी दिवाली की यादें भी ताजा कीं. उन्होंने बताया कि पहले गोविंदा त्योहार पर उनके लिए सोना और कई तरह के गिफ्ट लेकर आते थे. दोनों साथ में शगुन से खरीदारी करते थे. कई बार गोविंदा उन्हें और बेटी टीना को गहने दिलाने भी ले जाते थे. सुनीता ने कहा कि वह उन पुराने दिनों को फिर से जीना चाहती हैं और उम्मीद करती हैं कि जल्द दोनों साथ में ज्वेलरी शॉपिंग करेंगे.

फैंस ने दी खूब दुआएं

बहरहाल, इन सब अफवाहों के बीच जब फैंस ने गोविंदा और सुनीता को साथ देखा तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा, और वो गद-गद होकर कमेंट सेक्शन में अपनी खुशी जाहिर करने लगे, लोगों ने खूब प्यार बरसाया और दिल खोलकर दुआएं दीं.