बॉलीवुड के 'हीरो नंबर 1' यानी गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है. दोनों के रिश्ते में अनबन की खबरों के बीच गोविंदा का एक बयान सुर्खियां बटोर रहा है. अभिनेता ने अपने रिश्ते को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, 'आपका नसीब चुराने के लिए लोग आपकी स्त्री चुरा लेते हैं.' उनके इस बयान ने फैंस के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, गोविंदा ने किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया है और न ही यह साफ किया है कि उनका इशारा किसकी तरफ था.
गोविंदा ने किस पर साधा निशाना?
ABP को दिए एक इंटरव्यू में गोविंदा से पूछा गया कि उनके और सुनीता आहूजा के रिश्ते में तनाव कब और किसकी वजह से शुरू हुआ? इस सवाल के जवाब में अभिनेता ने कहा, 'आपका नसीब चुराने के लिए लोग आपकी स्त्री चुरा लेते हैं.' उनके इस जवाब ने बातचीत को एक नया मोड़ दे दिया.
गोविंदा ने आखिर ऐसा क्या कहा?
इसके बाद जब गोविंदा से पूछा गया कि उनकी पत्नी को किसने उनसे दूर कर दिया, तो उन्होंने हाथ जोड़ लिए. वहीं, जब उनसे दूसरे का घर खराब करने वाले लोगों के बारे में सवाल किया गया, तो अभिनेता ने कहा, 'मैं ऐसे लोगों को खींचकर जूता मारूंगा.' गोविंदा के इन बयानों के बाद उनकी मैरिड लाइफ को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं. हालांकि, उनके बयान से यह साफ नहीं होता कि वह किसी खास व्यक्ति पर आरोप लगा रहे हैं या अपनी भावनाएं जाहिर कर रहे हैं.
सुनीता ने भी रिश्ते पर कही थी बड़ी बात
इससे पहले सुनीता आहूजा भी अपने और गोविंदा के रिश्ते को लेकर बात कर चुकी हैं. एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि गोविंदा को अब वह खुशी मिल रही है, जो वह पिछले 40 साल में उन्हें नहीं दे पाईं. सुनीता ने यह भी कहा कि कोई और उन्हें वह खुशी दे रहा है और भगवान उसका भला करे. हालांकि, उन्होंने भी किसी का नाम नहीं लिया और न ही किसी के साथ गोविंदा के रिश्ते को लेकर कोई सीधा दावा किया.
बच्चों के लिए सुनीता का फैसला
रिश्ते में तनाव की खबरों के बावजूद सुनीता ने अपने बच्चों टीना और यशवर्धन को लेकर अपनी सोच साफ रखी है. उन्होंने कहा कि वह कभी भी अपने बच्चों से उनके पिता के साथ रिश्ता तोड़ने के लिए नहीं कहेंगी. सुनीता के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच जो भी मतभेद हों, उनका असर बच्चों और उनके पिता के रिश्ते पर नहीं पड़ना चाहिए. फिलहाल, गोविंदा और सुनीता के बयानों ने एक बार फिर उनके रिश्ते को चर्चा में ला दिया है, लेकिन दोनों के बीच तनाव की असली वजह क्या है, इस पर अभी तक कोई तस्वीर सामने नहीं आई.