Govinda Komal Rani Swarnkar Romantic Photos: बॉलीवुड के हीरो नंबर 1 गोविंदा (Govinda) और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बीच चल रहे पारिवारिक घमासान के बीच अब नई तस्वीरों ने इंटरनेट का पारा हाई कर दिया है. गोविंदा की अपकमिंग फिल्म की लीड एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार (Komal Rani Swarnkar) ने सोशल मीडिया पर ऐसी रोमांटिक झलकियां शेयर की हैं जिनमें वे सुपरस्टार की बाहों में नजर आ रही हैं. एक तरफ सुनीता आहूजा के तीखे तेवर और अफेयर की चर्चाएं गरम हैं, वहीं दूसरी तरफ फैंस इन तस्वीरों पर 'जोड़ी नंबर 1' लिखकर जमकर प्यार लुटा रहे हैं.

गोविंदा की बाहों में दिखीं कोमल रानी, शेयर कीं रोमांटिक झलकियां

कोमल रानी स्वर्णकार ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर गोविंदा संग अपनी आगामी फिल्म की कुछ खास तस्वीरें साझा की हैं. इन फोटोज में कोमल 90 के दशक के सुपरस्टार गोविंदा की बाहों में हाथ डाले बेहद खुश नजर आ रही हैं. तस्वीरों को शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने कैप्शन में 'रूपा की खूबसूरत झलकियां' लिखा है.

गोविंदा खुद लिख और डायरेक्ट कर रहे हैं कोमल की डेब्यू फिल्म

कोमल रानी स्वर्णकार इस प्रोजेक्ट के जरिए बॉलीवुड में अपना एक्टिंग डेब्यू करने जा रही हैं. खास बात यह है कि इस फिल्म में गोविंदा न केवल अभिनय कर रहे हैं, बल्कि उन्होंने इसकी कहानी लिखने से लेकर निर्देशन तक की पूरी कमान भी अपने हाथों में संभाली है.

फैंस ने कहा 'जोड़ी नंबर 1', तो कुछ ने एडिटिंग पर उठाए सवाल

कोमल की इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स के मिले-जुले रिएक्शन सामने आ रहे हैं. जहां एक फैन ने कमेंट करते हुए इस जोड़ी को 'जोड़ी नंबर 1' और फिल्म को 'ब्लॉकबस्टर लोडिंग' बताया, वहीं कुछ यूजर्स ने तस्वीरों की एडिटिंग पर तंज कसते हुए लिखा कि फोटोज को इतना एडिट न करें कि वे हर समय AI जेनरेटेड लगें.

एयरपोर्ट से 'लालबागचा राजा' तक साथ दिखे, भड़की थीं सुनीता आहूजा

गोविंदा और कोमल रानी की नजदीकियां पिछले काफी समय से चर्चा का विषय बनी हुई हैं. दोनों को एक साथ एयरपोर्ट पर और फिर गणपति उत्सव के दौरान 'लालबागचा राजा' के दरबार में दर्शन करते हुए भी देखा गया था. इन मुलाकातों के बाद सुनीता आहूजा का गुस्सा फूट पड़ा था और उन्होंने सार्वजनिक रूप से गोविंदा पर निशाना साधते हुए उन्हें 'शुगर डैडी' तक कह दिया था.

पारिवारिक कलह के बीच आगे क्या मोड़ लेगा मामला?

एक तरफ सुनीता आहूजा और गोविंदा के रिश्तों में आई खटास किसी से छिपी नहीं है, वहीं दूसरी तरफ अफेयर की अटकलों के बीच इन रोमांटिक फोटोज के सामने आने से मामला और उलझता दिख रहा है. अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इस नए पोस्ट के बाद सुनीता आहूजा की क्या प्रतिक्रिया आती है.