Superstar Govinda's Comeback in Films After 7 Years: बॉलीवुड के सुपरस्टार गोविंदा के फैंस के लिए एक खुशखबरी आई है. दरअसल, पिछले 7 साल से फिल्मों से दूर रह रहे गोविंदा अब बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. इस गुड न्यूज के बारे में खुद गोविंदा ने फैंस को दी है और ये बताया है कि वो दो नई फिल्मों के साथ सिल्वर स्क्रिन पर कमबैक करेंगे. इतना ही नहीं सुपरस्टार ने अपनी आने वाली फिल्मों का नाम और पोस्टर भी रिलीज कर दिया है. उन्होंने बताया कि उनकी ये दोनों फिल्में युवाओं पर फोकस करते हुए बनाई गई हैं. चलिए आपको सारी बातें विस्तार से बताते है.

अब मैं तैयार हूं…

गोविंदा ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई, जिसमें उन्होंने अपनी अपकमिंग फिल्मों 'रूपा' और 'दुनियादारी' की घोषणा की और बताया कि वो इन फिल्मों के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. उन्होंने बताया कि इन प्रोजेक्ट में वो एक्ट्रेस रानी स्वर्णकार के साथ नजर आएंगे. प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोविंदा ने कहा, 'अब मैं तैयार हूं. आप जल्द ही पूरी कास्ट देखेंगे; हम अपनी अगली मुलाकात में इसकी घोषणा करेंगे. इस फिल्म में ऑडियंस को उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कई नए एक्टर्स देखने को मिलेंगे. फिल्म 'रूपा' और 'दुनियादारी' दोनों ही अलग तरह की फिल्में होंगी, खासकर युवाओं के लिए बनाई गई हैं. क्योंकि युवा बहुत सारी उम्मीदों के साथ शुरुआत करते हैं, लेकिन कभी-कभी वे भटक जाते हैं.'

---विज्ञापन---

मैं सच्चाई से मुंह नहीं मोड़ता…

गोविंदा ने आगे कहा, 'मैं इस फिल्म में माया का वह पहलू दिखाने जा रहा हूं जो हम दिखा सकते हैं. युवाओं को भीड़ में खो जाने जैसा महसूस नहीं करना चाहिए. उन्हें आत्मविश्वास से भरपूर और अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए. जब मैं फिल्मों में काम करता हूं, तो दुनिया इस बात से हैरान रह जाती है कि मैं यहां कैसे हूं.' उन्होंने आगे कहा, 'मुझे किसी चीज से डर नहीं लगता। मैं सच्चाई से मुंह नहीं मोड़ता, मुझे पहले से ही अंदाजा हो जाता है कि क्या होने वाला है. मैं सच बोलता हूं, लोग मुझ पर विश्वास नहीं करते, कुछ तो मुझे गाली भी देते हैं.'