52 साल की उम्र में सीक्रेट शादी की खबरों को लेकर सुर्खियां बटोर रहीं मशहूर कोरियोग्राफर गीता कपूर एक बार फिर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें तेजी से वायरल हो रही हैं कि गीता मां ने सबकी नजरों से दूर गुपचुप तरीके से शादी कर ली है। हालांकि अब खुद गीता कपूर ने इन अफवाहों पर चुप्पी तोड़ते हुए सच्चाई बता दी है। बॉलीवुड की फेमस कोरियोग्राफर और डांस रियलिटी शोज़ की जानी-मानी जज गीता मां को कौन नहीं जानता। अपने शानदार डांस मूव्स और बेहतरीन कोरियोग्राफी से उन्होंने इंडस्ट्री में एक खास पहचान बनाई है। सालों से बड़े-बड़े सितारों को अपने इशारों पर नचाने वाली गीता मां लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। लेकिन इस बार गीता मां अपने किसी डांस शो या कोरियोग्राफी की वजह से नहीं, बल्कि अपनी कथित सीक्रेट वेडिंग की खबरों को लेकर चर्चा में हैं। खबरों का बाजार गर्म है कि 52 साल की उम्र में उन्होंने चुपचाप सात फेरे ले लिए हैं और अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर दी है। ऐसे में वायरल होती इन खबरों पर अब खुद गीता कपूर ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, अपने एक हालिया इंटरव्यू में गीता मां ने शादी, प्यार और अपने मिस्टर राइट को लेकर दिलचस्प बातें साझा कीं। बातचीत के दौरान उनसे पूछा गया कि अगर कोई उन्हें प्रपोज करना चाहे, तो उसके लिए सबसे अच्छा तरीका क्या होगा? साथ ही उनसे यह भी पूछा गया कि उनके सपनों का राजकुमार उन्हें कौन-सा डांस स्टेप करके प्रपोज करे ताकि वह इंप्रेस हो जाएं।इस मजेदार सवाल का जवाब देते हुए गीता मां ने हंसते हुए कहा, "मुझे प्रपोज करने का कोई खास तरीका नहीं है। और प्लीज, मुझे डांस करके तो बिल्कुल भी प्रपोज मत करना। उससे मैं बिल्कुल इंप्रेस नहीं होने वाली हूं।" गीता मां का यह जवाब सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े। वहीं उनके इस बयान ने साफ कर दिया कि वह दिखावे से ज्यादा सादगी और सच्चाई को महत्व देती हैं।