टीवी के पॉपुलर एक्टर गौरव खन्ना इन दिनों अपने एक खास अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. 'अनुपमा' में अनुज कपाड़िया बनकर लोगों का दिल जीतने वाले गौरव अब प्रभु श्रीराम के रूप में नजर आए हैं. आगरा की रामलीला में भगवान राम का किरदार निभाकर उन्होंने हर किसी का ध्यान खींच लिया. सोशल मीडिया पर उनके वीडियो वायरल हो रहे हैं और फैंस उनकी सादगी और शांत अंदाज की तारीफ करते नहीं थक रहे. दिलचस्प बात यह है कि गौरव को श्रीराम के रूप में देखकर कुछ लोग रणबीर कपूर की अपकमिंग फिल्म 'रामायण' पर भी सवाल उठाने लगे हैं.

श्रीराम बने गौरव खन्ना का लुक देख फिदा हुए फैंस

दरअसल, आगरा के भावना एस्टेट में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रामलीला का मंचन किया गया. इसमें गौरव खन्ना पहली बार भगवान श्रीराम के किरदार में नजर आए. वहीं, मशहूर एक्टर विंदू दारा सिंह ने भगवान हनुमान की भूमिका निभाई. जब गौरव श्रीराम के रूप में लोगों के बीच से मंच की तरफ बढ़े, तो वहां मौजूद दर्शक उन्हें देखते रह गए. उनके लुक और अंदाज ने लोगों का दिल जीत लिया.

---विज्ञापन---

सोशल मीडियो पर वीडियो वायरल

इस कार्यक्रम की कई वीडियो क्लिप्स अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. इनमें गौरव को श्रीराम के रूप में देखकर फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं. खास बात यह भी रही कि एक्टर अपने माता-पिता को भी इस कार्यक्रम में लेकर पहुंचे थे. गौरव के माता-पिता ने पहली बार उन्हें लाइव परफॉर्म करते देखा और भगवान राम के रूप में अपने बेटे को देखकर खुशी जाहिर की.

गौरव को देख फैंस को आई अरुण गोविल की याद

गौरव खन्ना के इस रूप को देखकर फैंस को एक बार फिर रामानंद सागर की 'रामायण' के अरुण गोविल की याद आ गई. हालांकि, इस बार सोशल मीडिया पर चर्चा रणबीर कपूर तक पहुंच गई है. दरअसल, रणबीर कपूर नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले हैं.

---विज्ञापन---

यूजर्स के कमेंट की आई बाढ़

गौरव के वायरल वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट किया, 'रणबीर कपूर भगवान राम क्यों बन रहे हैं? गौरव कहीं बेहतर हैं.' वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा कि गौरव भगवान राम के रूप में बेहद दिव्य लग रहे हैं. एक फैन ने तो उनकी सादगी और शालीनता की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें श्रीराम के रूप में देखकर दिल खुश हो गया. हालांकि, गौरव की इस परफॉर्मेंस को मिली तारीफ और रणबीर की कास्टिंग को लेकर उठ रहे सवाल सोशल मीडिया यूजर्स की अपनी राय हैं.

कब रिलीज होगी रणबीर कपूर की 'रामायण'?

रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' में साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है. फिल्म की रिलीज 5 नवंबर 2026 को निर्धारित बताई गई है.

---विज्ञापन---

गौरव खन्ना के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स

गौरव खन्ना हाल ही में रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' में नजर आए थे. चोट के कारण उन्हें शो बीच में छोड़ना पड़ा था. इससे पहले वह 'सेलेब्रिटी मास्टरशेफ' और 'बिग बॉस 19' के विनर बनकर खूब सुर्खियां बटोर चुके हैं. अब खबरें हैं कि गौरव एकता कपूर के नए शो में श्रद्धा आर्या के साथ नजर आ सकते हैं. बताया जा रहा है कि यह एक रोमांटिक फैमिली ड्रामा होगा. अगर ऐसा होता है, तो गौरव 'अनुपमा' के बाद एक बार फिर डेली सोप में वापसी कर सकते हैं.