Emraan Hashmi: बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी (Emraan Hashmi) की अपकमिंग फिल्म 'गनमास्टर जी 9' (Gunmaster G9) के सेट का बताया जा रहा एक BTS वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इस खतरनाक वीडियो में एक स्टंट के दौरान कार हवा में पलटती है और सीधे नीचे खड़ी एक वैन की छत पर धड़ाम से जा गिरती है. इस भयंकर हादसे को देखकर सेट पर मौजूद लोगों की सांसें अटक गईं. हालांकि, गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन वीडियो ने फैंस के दिलों की धड़कनें तेज कर दी हैं.

हवा में पलटी SUV कार

वायरल हो रहे बीटीएस (BTS) वीडियो में देखा जा सकता है कि एक खुले मैदान में क्रेन की मदद से SUV कार को हवा में लटकाया गया था. उल्टी गिनती खत्म होते ही कार अचानक अनियंत्रित होकर हवा में घूमती है और नीचे खड़ी एक काली वैन की छत पर जोरदार टक्कर के साथ गिर जाती है.

सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो इमरान हाशमी की आने वाली फिल्म 'गनमास्टर जी 9' के सेट का है.

सेट पर मची भगदड़

जैसे ही कार वैन के ऊपर गिरती है, सेट पर मौजूद क्रू मेंबर्स और लोग तुरंत गाड़ी की तरफ भागते हुए नजर आते हैं. इस खतरनाक मंजर को देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि अगर थोड़ी भी चूक होती, तो यह हादसा बहुत भारी पड़ सकता था.

इमरान की मौजूदगी पर संशय

सोशल मीडिया पर इस तरह के दावे किए जा रहे हैं कि इस खतरनाक स्टंट के दौरान इमरान हाशमी भी वहीं सेट पर मौजूद थे और गाड़ी उनके काफी पास से गुजरी. हालांकि, वायरल वीडियो में एक्टर कहीं नजर नहीं आ रहे हैं, इसलिए इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

मेकर्स की तरफ से चुप्पी

अभी तक फिल्म 'गनमास्टर जी 9' के मेकर्स या इमरान हाशमी की टीम की तरफ से इस वायरल वीडियो को लेकर कोई भी ऑफिशियल बयान सामने नहीं आया है, जिससे यह साफ नहीं हो पाया है कि यह वीडियो इसी फिल्म का है या नहीं.

फिल्म की रिलीज डेट

इमरान हाशमी और जेनेलिया डिसूजा (Genelia D'Souza) स्टारर यह रोमांटिक-एक्शन फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है. इसी दिन बॉक्स ऑफिस पर आयुष्मान खुराना की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' से इसकी कड़ी टक्कर देखने को मिलने वाली है.