E24 Exclusive Anjali Arora: सोशल मीडिया की वायरल कच्चा बादाम गर्ल अंजलि अरोड़ा इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' के प्रमोशन में जोर-शोर से बिजी हैं. इस फिल्म में अंजलि अरोड़ा माता सीता का किरदार निभा रही हैं. हालांकि, फिल्म के ट्रेलर में लोगों ने उन्हें सीता के रूप में देखने के बाद काफी ट्रोल किया. लेकिन इसके बाद अंजलि रुकी नहीं और फिल्म के प्रमोशन में लगी रहीं. हाल ही में अंजलि ने बताया कि उन्होंने आखिर माता सीता जैसे संवेदनशील किरदार को पर्दे पर निभाने के लिए क्यों हां कहा? साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि वह खुद भी माता सीता जैसी बनना चाहती हैं और उनके गुणों को अपने अंदर धारण करना चाहती हैं.
माता सीता बनने का सफर
E24 को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में अंजलि अरोड़ा ने फिल्म में माता सीता के किरदार को लेकर खुलकर बात की. अंजलि ने कहा, 'सीता बनने का ये सफर बहुत ही खूबसूरत सफर था. ये किरदार मेरे लिए हमेशा बहुत स्पेशल रहेगा, क्योंकि मैंने इस किरदार को जिया है. माता सीता का किरदार मेरी पर्सनैलिटी से बिल्कुल हटकर है. जो किरदार हमारी पर्सनैलिटी से हटकर होते हैं, वो बहुत स्पेशल होते हैं और बहुत चैलेंजिंग भी होते हैं.'
लोगों के सेंटिमेंट का रखा ध्यान
अंजलि अरोड़ा ने आगे कहा, 'सीता मां का किरदार मेरे लिए एक ऐसा किरदार है, जो बहुत ही पवित्र है और लोगों के सेंटिमेंट से बहुत जुड़ा हुआ है. इसलिए इसे निभाते हुए मेरी यही कोशिश थी कि किसी के दिल को ठेस न पहुंचे. मैंने कोशिश की कि मैं इस किरदार के साथ पूरा जस्टिस कर पाऊं और जो सीता मां की इनोसेंस थी, उसको बरकरार रख पाऊं.'
'हनुमान जी की कृपा…'
अंजलि अरोड़ा से जब पूछा गया कि जब उन्हें इस किरदार के लिए चुना गया, तो उनका एक्सप्रेशन कैसा था? इस पर अंजलि ने जवाब दिया कि वह बहुत ही हैरान थीं. हालांकि, उनका मानना है कि उन्हें यह किरदार भगवान हनुमान जी की कृपा से मिला है.
माता सीता जैसा बनना चाहती हैं अंजलि अरोड़ा
अंजलि ने कहा, 'मैं आज के जमाने की एक नॉर्मल लड़की हूं. वहीं, सीता मां बहुत ही सरल और बहुत ज्यादा शांत थीं. मैं उनके गुणों को अपनी निजी जिंदगी में अपनाना चाहूंगी, क्योंकि उन्होंने हर मुश्किल में अपने आपको धैर्य के साथ पेश किया है. मैं चाहूंगी कि मेरी लाइफ में भी जो भी मुश्किल आए, मैं कभी भी घबराऊं नहीं, क्योंकि अगर हमारे पास समस्या आती है, तो समाधान भी आता है. लेकिन उसको समझना और मुश्किल का सही समाधान निकालना जरूरी है. मैं इसको भगवान हनुमान जी का आशीर्वाद ही समझती हूं.'