अजय देवगन की पॉपुलर सस्पेंस-थ्रिलर फ्रेंचाइजी 'दृश्यम' एक बार फिर चर्चा में है. फिल्म के तीसरे पार्ट का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसे लेकर दर्शकों के मिले-जुले रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं. जहां कुछ फैंस ट्रेलर को पसंद कर रहे हैं, वहीं कुछ लोगों को लग रहा है कि कहानी एक बार फिर पुराने फॉर्मूले के इर्द-गिर्द घूमती नजर आ रही है. इन सबके बीच अब फिल्म की एक्ट्रेस तब्बू ने ऐसा बयान दे दिया है, जिसने 'दृश्यम 4' को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी हैं.

'दृश्यम' के पहले दोनों पार्ट्स को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था. फिल्म की कहानी, सस्पेंस और विजय सलगांवकर के परिवार को बचाने की कोशिश ने लोगों को सीट से बांधे रखा. अब तीसरे पार्ट में कहानी किस मोड़ पर पहुंचेगी, इसे लेकर हर कोई उत्सुक है. खास बात ये है कि इस बार फिल्म में जयदीप अहलावत की एंट्री भी हुई है, जिसे कहानी का एक बड़ा ट्विस्ट माना जा रहा है.

---विज्ञापन---

'दृश्यम 2' को लेकर क्यों परेशान थीं तब्बू?

टीवी9 में छपी रिपोर्ट के मुताबिक तब्बू ने फिल्म के दूसरे पार्ट की रिलीज के समय का किस्सा शेयर करते हुए बताया कि उस वक्त कोरोना का दौर था. इसके अलावा फिल्म का मलयालम वर्जन पहले ही थिएटरों में रिलीज हो चुका था. ऐसे में उनके दोस्त उनसे कहते थे कि जब फिल्म पहले ही आ चुकी है तो लोग हिंदी वर्जन क्यों देखने जाएंगे?

तब्बू ने बताया कि उस वक्त उनके मन में भी कई सवाल चल रहे थे. उन्हें इस बात की चिंता सता रही थी, कि कहीं कोरोना और पहले से रिलीज मलयालम वर्जन का असर फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर न पड़े. हालांकि, बाद में फिल्म ने उम्मीद से बेहतर परफॉर्म किया और दर्शकों ने इसे खूब पसंद दिया.

---विज्ञापन---

'दृश्यम 4' पर तब्बू ने दे दिया बड़ा हिंट

तब्बू के बयान का सबसे दिलचस्प हिस्सा फिल्म के चौथे पार्ट को लेकर था. एक्ट्रेस ने साफ कहा कि वह इस फ्रेंचाइजी को तब तक अलविदा नहीं कह सकतीं, जब तक प्रोड्यूसर कुमार मंगत पाठक और डायरेक्टर अभिषेक पाठक लिखकर यह नहीं दे देते कि अब इसका अगला पार्ट नहीं बनेगा.

तब्बू ने मजाकिया अंदाज में कहा कि क्या पता कभी कुमार मंगत पाठक का फोन आए और वह बताएं कि अभिषेक ने 'दृश्यम 4' के लिए शानदार आइडिया निकाल लिया है. अब तब्बू की इसी बात को फैंस चौथे पार्ट का बड़ा हिंट मान रहे हैं.

---विज्ञापन---

कब रिलीज होगी फिल्म?

'दृश्यम: द कन्क्लूजन' का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है. फिल्म में अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन, जयदीप अहलावत, इशिता दत्ता, प्रकाश राज जैसे कलाकार नजर आएंगे. फिल्म इसी साल 2 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.