Disha Salian Case: सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान (Disha Salian) केस में सीबीआई (CBI) की एंट्री के बाद हर रोज नए और चौंकाने वाले अपडेट्स सामने आ रहे हैं. अब इस मामले में नया मोड़ तब आया जब दिशा के वकील निलेश ओझा (Nilesh Ojha) ने खुलासा किया कि दिशा के पिता सतीश सालियान समेत 4 लोगों को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. सुरक्षा की मांग को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी से लेकर गृह मंत्री अमित शाह तक को लेटर भेजा गया है. आदित्य ठाकरे और संजय राउत पर लगे गंभीर आरोपों से लेकर सुशांत सिंह राजपूत केस तक, आइए जानते हैं इस केस को लेकर क्या है अपडेट…
पीएम और गृह मंत्री को लेटर
न्यूज एजेंसी एएनआई (ANI) की रिपोर्ट के मुताबिक, दिशा सालियान के वकील निलेश ओझा ने बताया कि दिशा के पिता सतीश सालियान (Satish Salian), समीर वानखेड़े (Sameer Wankhede), आशुतोष पाठक और उन्होंने खुद अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस प्रोटेक्शन मांगी है. उन्होंने शिवसेना (UBT) नेताओं से धमकियां मिलने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सीबीआई, भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लेटर लिखा है.
आदित्य ठाकरे की सिक्योरिटी पर सवाल
वकील निलेश ओझा ने कहा कि सीबीआई FIR दर्ज होने के तुरंत बाद लेटर लिखकर चारों लोगों के लिए सुरक्षा की मांग की गई है. उन्होंने आदित्य ठाकरे को मिली 'Y-प्लस' सिक्योरिटी पर तीखे सवाल खड़े करते हुए कहा कि जिन लोगों ने इस पूरे मामले को उजागर किया और जिन्हें खुलेआम धमकियां मिल रही हैं, उन्हें बिना किसी सुरक्षा के छोड़ दिया गया है.
गैंगरेप और मर्डर के आरोप
निलेश ओझा ने दावा किया कि गृह मंत्रालय और नारकोटिक्स ब्यूरो (NCB) के रिकॉर्ड्स का हवाला देते हुए लेटर में साफ लिखा गया है कि आदित्य ठाकरे ड्रग्स के कारोबार में शामिल हैं. इसके अलावा, उनके खिलाफ गैंगरेप, मर्डर (Gangrape And Murder) और मामले को दबाने की कोशिश करने के संगीन आरोपों में भी FIR दर्ज की जा चुकी है.
संजय राउत पर गंभीर आरोप
वकील ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि शुरुआती सारे सबूत पेश किए जाने के बावजूद आरोपी को 'Y-प्लस' सिक्योरिटी दी गई है. वहीं दूसरी तरफ, इस मामले की सच्चाई सामने लाने वाले लोगों को संजय राउत (Sanjay Raut) जैसे बड़े नेताओं से सीधे तौर पर धमकियां मिल रही हैं, लेकिन उन्हें कोई सिक्योरिटी प्रोवाइड नहीं की गई.
दिशा की मौत और सुशांत कनेक्शन
सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की पूर्व मैनेजर रहीं दिशा सालियान की 9 जून 2020 को बिल्डिंग से गिरने से मौत हो गई थी. शुरुआत में इसे एक्सीडेंट और बाद में सुसाइड बताया गया, लेकिन उनके पिता लगातार मर्डर का आरोप लगाते रहे, जिसकी जांच अब सीबीआई कर रही है. बता दें कि दिशा की मौत के 6 दिन बाद सुशांत की मौत हुई थी. हालांकि, मार्च 2025 में सीबीआई ने मुंबई की विशेष अदालत में क्लोजर रिपोर्ट (Closure Report) दाखिल कर सुशांत केस में किसी भी तरह की साजिश या हत्या की बात से पूरी तरह इनकार कर दिया था.