पॉपुलर सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई गाना या फिल्म नहीं, बल्कि उनकी नागरिकता को लेकर सामने आई रिपोर्ट है. दिलजीत इन दिनों अपने 'ऑरा वर्ल्ड टूर 2026' के जरिए उत्तर अमेरिका में धमाल मचा रहे हैं. इसी बीच एक रिपोर्ट ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है, कि क्या दिलजीत अब भारतीय नागरिक नहीं रहे?
दिलजीत ने किस देश की नागरिकता ली थी?
दरअसल, एक रिपोर्ट में दावा किया गया है, कि दिलजीत दोसांझ ने साल 2022 में अमेरिकी नागरिकता ले ली थी, और तब से वो अमेरिकी पासपोर्ट के जरिए यात्रा कर रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, वो भारत आने के लिए ई-वीजा का इस्तेमाल करते हैं. यही खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई. कई फैंस हैरान हैं, तो कुछ लोग इसे सिर्फ निजी फैसला बता रहे हैं.
दिलजीत का आखिरी भारतीय पासपोर्ट कहां जारी हुआ था?
रिपोर्ट में ये भी कहा गया कि दिलजीत का आखिरी भारतीय पासपोर्ट 2018 में मुंबई में जारी हुआ था. इससे पहले उनका पासपोर्ट जाम्बिया से जारी हुआ था. वहीं, उनकी पत्नी संदीप कौर के बारे में भी दावा किया गया कि उनके पास अमेरिकी नागरिकता है.
अमेरिकी नागरिकता लेते समय दिलजीत ने कहां का दिया था पता?
खबरों के अनुसार, अमेरिकी नागरिकता लेते समय दिलजीत ने कैलिफोर्निया स्थित अपने पांच बेडरूम वाले घर का पता दर्ज कराया था. हालांकि, इन सभी दावों पर अभी तक दिलजीत दोसांझ की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
क्यों हो रही चर्चा तेज?
दिलचस्प बात ये है, कि ये मामला ऐसे समय में चर्चा में आया है, जब हाल ही में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने दावा किया था, कि भाजपा दिलजीत को राजनीति में लाने की कोशिश कर रही है. भगवंत मान ने कहा था, कि दिलजीत पर राजनीति में आने का दबाव बनाया जा रहा है. हालांकि, दिलजीत ने साफ किया था, कि वो एक कलाकार हैं, और अपने काम से खुश हैं.
वर्कफ्रंट पर दिलजीत दोसांझ
वर्कफ्रंट की बात करें, तो दिलजीत हाल ही में फिल्म 'बॉर्डर 2' को लेकर चर्चा में रहे. इसके अलावा वो जल्द ही डायरेक्टर इम्तियाज अली की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' में नजर आएंगे. इस फिल्म में शर्वरी, नसीरुद्दीन शाह और वेदांग रैना भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. फिल्म का टीजर और गाने पहले ही फैंस के बीच जबरदस्त चर्चा बटोर चुके हैं.