Delhi Ramlila Miss Universe India 2026 Kaziah Liz Mejo Play Mata Sita: हर साल की तरह इस साल भी दिल्ली में 'अयोध्या की रामलीला' का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसका दिल्लीवाले बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि दिल्ली में होने वाली यह 'अयोध्या की रामलीला' इस बार पहले से भी ज्यादा भव्य और शानदार होने वाली है. इस साल की रामलीला में भारतीय संस्कृति और भगवान श्रीराम की गाथा को और भी ज्यादा भव्य तरीके से पेश किया जाएगा. इसके अलावा, इस साल 'रामलीला' की कास्ट भी काफी शानदार और जबरदस्त होने वाली है. 'अयोध्या की रामलीला 2026' में माता सीता का किरदार 'मिस यूनिवर्स इंडिया 2026' काजिया लिज मेजो निभाने वाली हैं.

कौन हैं काजिया लिज मेजो?

बता दें कि काजिया लिज मेजो 19 साल की हैं और केरल के मावेलिक्कारा की रहने वाली हैं. उन्होंने अपनी जिंदगी का ज्यादातर समय यूएई (यूनाइटेड अरब अमीरात) की राजधानी अबू धाबी में बिताया है. काजिया लिज ने इस साल अगस्त में राजस्थान के जयपुर में आयोजित 'मिस यूनिवर्स इंडिया 2026' प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और यह खिताब अपने नाम कर लिया. अब काजिया लिज मेजो दिल्ली की 'अयोध्या की रामलीला' में माता सीता के किरदार में दिखाई देंगी.

---विज्ञापन---

'अयोध्या की रामलीला' की पूरी कास्ट

इस साल 'अयोध्या की रामलीला' में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का किरदार भोजपुरी स्टार और बीजेपी सांसद रवि किशन निभाने वाले हैं. वहीं, एक्टर अरुण बख्शी दिल्ली में होने वाली इस रामलीला में लंकापति रावण का किरदार निभाएंगे. इसके अलावा, रामलीला में बिंदु दारा सिंह 'कुंभकर्ण', अवतार गिल 'रावण के बेटे मेघनाद' और पुनीत इस्सर 'भगवान परशुराम' का किरदार निभाने वाले हैं. इतना ही नहीं, सांसद और एक्टर मनोज तिवारी भी रामलीला में कई अलग-अलग और महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाएंगे.

कब और कहां होगी रामलीला?

जानकारी के अनुसार, इस बार रामलीला का आयोजन दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब स्थित मावलंकर हॉल में 10 से 20 अक्टूबर तक किया जाएगा. मावलंकर हॉल में रामलीला के लिए सुंदर सेट, नई टेक्नोलॉजी और बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही है, ताकि दर्शकों को नए रूप में एक बार फिर त्रेतायुग के दर्शन करवाए जा सकें. रामलीला के संस्थापक और अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया कि पिछले 7 सालों से इस भव्य रामलीला का आयोजन अयोध्या में किया जा रहा था, जिसे देश-दुनिया के लोगों से खूब प्यार मिला. पिछले साल ऑनलाइन और ऑफलाइन मिलाकर करीब 62 करोड़ लोगों ने रामलीला देखी थी.

---विज्ञापन---