Delhi High Court Seeks Salman Khan: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान पिछले कुछ महीनों से फिल्म 'काला हिरन: बैटल फॉर लिगेसी' से जुड़े विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं. अब इस मामले में एक नया अपडेट सामने आया है. दरअसल, दिल्ली हाई कोर्ट ने शुक्रवार को फिल्म के निर्माता अमित जानी की अर्जी पर नोटिस जारी कर सलमान खान से जवाब मांगा है. इस अर्जी में सलमान की उस याचिका को खारिज करने की मांग की गई है, जिसमें उन्होंने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की अपील की है. मेकर्स की दलील है कि दिल्ली हाई कोर्ट को इस मामले की सुनवाई करने का क्षेत्रीय अधिकार नहीं है, क्योंकि सलमान खान मुंबई में रहते हैं और फिल्म के निर्माता अमित जानी उत्तर प्रदेश के मेरठ में रहते हैं.

हाई कोर्ट ने मांगा सलमान खान से जवाब

दिल्ली हाई कोर्ट की न्यायमूर्ति तेजस कारिया की पीठ ने प्रोड्यूसर अमित जानी के आवेदन पर सलमान खान से जवाब मांगा और मामले की अगली सुनवाई के लिए 16 दिसंबर की तारीख तय की. यह घटनाक्रम तब सामने आया, जब अमित जानी के वकील ने कोर्ट में दलील दी कि उनके मुवक्किल और सलमान खान, दोनों में से कोई भी दिल्ली हाई कोर्ट के क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में न तो रहता है और न ही वहां कोई कारोबार करता है. वकील ने कहा कि सलमान खान मुंबई में रहते हैं, जबकि अमित जानी उत्तर प्रदेश के मेरठ में रहते हैं.

---विज्ञापन---

प्रोड्यूसर अमित जानी के आवेदन में आगे कहा गया है कि सलमान खान की शिकायत में यह आरोप नहीं लगाया गया है कि फिल्म या उसके प्रमोशन के जरिए दिल्ली के दर्शकों को निशाना बनाया गया था या सलमान खान को राष्ट्रीय राजधानी में किसी तरह का कोई विशेष नुकसान पहुंचा था.

सलमान खान की याचिका

बता दें कि अपने मुकदमे में सलमान खान ने कहा है कि फिल्म के निर्माता अमित जानी ने बार-बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि यह फिल्म उन पर और अक्टूबर 1998 की काले हिरण के शिकार की घटना पर आधारित है. मुकदमे में आगे कहा गया है कि फिल्म का टीजर और पोस्टर इस तरह से पेश किए गए हैं, जिससे यह धारणा बनती है कि सलमान खान उन अपराधों के दोषी हैं, जिनसे जुड़े मामले अभी भी अदालत में विचाराधीन हैं.

---विज्ञापन---