सोशल मीडिया पर रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसने फैंस के बीच हलचल बढ़ा दी है। वायरल फोटो में रणवीर सिंह मुंबई एयरपोर्ट पर बेटी दुआ को गोद में लिए नजर आ रहे हैं, जबकि वह दूसरी तरफ प्रेग्नेंट दीपिका का हाथ थामे हुए हैं। तस्वीर में दीपिका का बेबी बंप भी साफ दिखाई दे रहा है। इसे देखकर फैंस कयास लगाने लगे कि कपल दूसरे बच्चे के स्वागत से पहले बेबीमून पर रवाना हुआ है। हालांकि, वायरल तस्वीर की सच्चाई कुछ और है। दरअसल, यह फोटो फेक और AI-edited है। एक फैन ने पुरानी तस्वीर को AI टूल की मदद से एडिट कर उसमें दुआ और दीपिका का बेबी बंप जोड़ दिया। इसके बाद यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। कई यूजर्स ने इसे असली तस्वीर समझकर लाइक और शेयर भी किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वायरल तस्वीर का ओरिजिनल वर्जन करीब ढाई साल पुराना है। उस समय दीपिका और रणवीर एक ट्रिप से मुंबई लौटे थे। दीपिका अपने कैजुअल स्वेटर लुक में नजर आई थीं और उनके इस अंदाज की खूब तारीफ हुई थी। वहीं, दीपिका और रणवीर की दूसरी प्रेग्नेंसी को लेकर फैंस के बीच लगातार उत्साह बना हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स में दीपिका की डिलीवरी सितंबर में होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, कपल की ओर से इस वायरल AI तस्वीर या डिलीवरी डेट को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अब फैंस को दोनों के दूसरे बच्चे के स्वागत की ऑफिशियल अनाउंसमेंट का इंतजार है।