Daler Mehendi Controversy: उत्तराखंड के मेले में पंजाबी पॉप स्टार दलेर मेहंदी (Daler Mehendi) के साथ हुए विवाद ने तूल पकड़ने के बाद अब एक नया मोड़ ले लिया है. परफॉर्मेंस के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा शो रुकवाने और नशे का आरोप लगाने परवान चढ़े विवाद के बाद, अब मंत्री जी ने अपनी गलती मान ली है. भाई मीका सिंह (Mika Singh) ने खुद यह खुलासा किया है कि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर पाजी से फोन पर माफी मांग ली है, जिसके बाद अब इस गर्मा-गर्म मामले पर विराम लगता दिख रहा है.

मंत्री सुबोध उनियाल ने मांगी माफी

आईएएनएस की रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवाद बढ़ने और इंडस्ट्री के तमाम सितारों के विरोध के बाद उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी से फोन पर संपर्क करके माफी मांग ली है.

मीका सिंह ने की मंत्री के कदम की तारीफ

माफी मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए मीका सिंह ने कहा कि वह मंत्री जी के इस कदम की सराहना करते हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि इंडस्ट्री के सीनियर कलाकारों और हर आर्टिस्ट की इज्जत का पूरा ख्याल रखा जाना चाहिए.

विवाद के खिलाफ सबसे पहले आगे आए थे मीका

उत्तराखंड में जब मंत्री ने दलेर मेहंदी पर शराब पीकर गाने और लिप-सिंकिंग का आरोप लगाकर शो रुकवाया था, तब मीका सिंह ने सबसे पहले खुलकर आवाज उठाई थी और मंत्री से माफी की मांग की थी.

क्या था उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले का पूरा मामला?

टिहरी गढ़वाल के नरेंद्रनगर में कुंजापुरी पर्यटन मेले के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर आ धमके थे और उन्होंने दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस पर नाराजगी जताते हुए उन्हें खरी-खोटी सुनाई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.

कपिल शर्मा और अनुपम खेर समेत कई सेलेब्स का मिला था सपोर्ट

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भूचाल आ गया था, जहां मीका सिंह के अलावा कपिल शर्मा, अनुपम खेर और पलाश सेन जैसे तमाम बॉलीवुड दिग्गजों ने दलेर पाजी का खुलकर समर्थन किया था. अब मंत्री के माफी मांगने के बाद यह मामला शांत हो गया है.